बाजारों में विभिन्न पार्टियों के रंगों के कपड़ों की खरीददारी जारी
चैत्र सेल का लुफ्त उठाते हुए नेता कर रहे हैं चुनाव-प्रचार
रायगंज : रायगंज सहित पूरे उत्तर बंगाल में चैत्र सेल से बाजारों में चहल-पहल है. उसपर चुनावी माहौल के कारण भीड़ और बढ़ गयी है. चैत्र सेल में खरीददारी का आनंद आमलोगों से लेकर राजनीतिक नेताओं को लेते देखा जा रहा है. राजनीतिक नेता-नेत्री अपने पार्टी के अनुसार रंगों के कुर्ता-पायजामा व साड़ियां खरीद रहे हैं. कोई लाल, कोई गेरुआ तो कोई हरे रंग के पोशाक से खुद को सजा रहे है. वहीं भीड़ को देखते हुए नेता अपना चुनाव प्रचार भी कर लेते है.कुल मिलाकर चैत्र के अंतिम सप्ताह में रायगंज के विभिन्न बाजारों में खासा भीड़ देखने को मिल रही है.
लोकसभा चुनाव और पोइला बैशाख दोनों लगभग एक साथ करीब आता जा रहा है. जहां पहला बैशाख बंगालियों का उत्सव है वहीं चुनाव पूरे देश में उत्सव की तरह छा गया है. चुनाव के कारण जहां गलियां विभिन्न रंगों के झंडों से सज गयीं है. वहीं पहला बैशाख की खरीददारी के लिए भी लोग बाजारों में उमड़ रहे है. हालांकि बारिश ने कुछ हद तक लोगों की गति को रोक लगायी है.
नेता-नेत्री छतरी लेकर चुनाव प्रचार पर उतर गये है. तो कभी तेज धूप में कई किलोमीटर तक चुनाव प्रचार के लिए नेता कार्यकर्ताओं को जरुरी पोशाक भी चाहिए. इसके लिए पतला सुती व खद्दर का कुर्ता-पायजामा खासतौर पर पसंद किया जाता है. इसे देखते हुए दुकानदारों ने भी चैत्र सेल में हरेक रंग का कुर्ता-पायजामा, टी शर्ट व महिलाओं के लिए हल्के रंग की साड़ियों से दुकानों को सजा दिया है. आम लोगों के साथ राजनीतिक नेता कार्यकर्ता भी इसबार चैत्र सेल का खास मजा लूट रहे है.
जिले के कालियागंज के महेंद्रगंज बाजार, लायंस मार्केट में खासा भीड़ जुट रही है. व्यवसायी उज्ज्वल साहा, राधिका साहा, गौरांग पाल का कहना है कि इसबार चुनाव के कारण भीड़ ज्यादा जुट रही है. इधर लोग चैत्र सेल के साथ ही पहला बैशाख व चुनाव उत्सव के आनंद में सराबोर है. वहीं राजनैतिक नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप को छोड़ दें तो शहर रंगीन दिख रहा है.
