गिरफ्तार तस्करों में एक कालिम्पोंग व तीन सिक्किम निवासी
जलपाईगुड़ी : सिक्किम से भूटान तस्करी किया जा रहा पेंगोलिन का शल्क जब्त किया गया है. विलुप्तप्राय वन्यप्राणी पेंगोलिन (चींटीखोर) के जब्त किये गये शल्क का वजन 2.4 केजी है. तस्करी के आरोप में सिक्किम व कालिम्पोंग के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जलपाईगुड़ी के बैकुंठपुर वन डिवीजन के अधीन स्पेशल टास्क फोर्स ने सिक्किम बंगाल की सीमा पर रंगपो इलाके से यह गिरफ्तारी की. गिरफ्तार तस्कर एक गाड़ी में सवार होकर पर्यटक के रूप में सवार होकर भूटान जा रहे थे.
टास्क फोर्स के प्रमुख संजय दत्त ने बताया कि एक पेंगोलिन को मारने से 200 ग्राम शल्क मिलता है. तस्कर 10 से 12 पेंगोलिन को गर्म पानी में डालकर बेहद क्रूरता से मारते हैं और उनका शल्क निकालते हैं. इस विलुप्तप्राय जीव को बचाने के लिये तस्करों के खिलाफ कड़े कदम उठाये जा रहे हैं.
आरोपियों को बुधवार को ही अदालत में पेश किया गया. गिरफ्तार लोगों में कालिम्पोंग के मनसंग इलाके का वांगस्टेन शेर्पा (24), गंगतोक का दलबहादुर थापा (56), नाम्ची का कमल कुमार सिन्हा (70), नाम्ची का पासांग सेरिंग भुटिया (43) शामिल हैं. शल्क को चीन व अन्य पूर्वी देशों में विभिन्न किस्म की दवाओं में इस्तेमाल किया जाता है.
