धूपगुड़ी : जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी ब्लॉक की मांगुरमारी-1 ग्राम पंचायत केपूर्व मांगुरमारी गांव में मंगलवार देर रात सोनाखाली जंगल से घुस आये दल से भटके हाथी ने तांडव मचाया. हाथी ने दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया. एक घर की खिड़की तोड़कर हाथी सूंढ़ भीतर घुसाकर भोजन खोज रहा था तभी परिवार के लोगों को इसकी भनक लग गयी. प्रदीप सिंह राय उनकी पत्नी और बच्चा भागकर घर से बाहर निकले.
इसके बाद आसपास के इलाके में चीख पुकार मच गयी. सोनाखाली और बिन्नागुड़ी बीट के वनरकर्मियों को इसकी खबर दी गयी. ग्रामीणों का आरोप है कि खबर पाकर भी वनकर्मी नहीं आये. एक घर को क्षतिग्रस्त करने के बाद हाथी ने पास के धनेश्वर राय के घर में हमला किया. हाथी ने वहां रखा अनाज खाने के लालच में एक कच्चा घर तोड़ दिया. इसके बाद लोगों ने मशाल जलाकर हाथी को खदेड़ा.
