राफेल खरीद में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से सच साबित हुआ
कांग्रेस और मनमोहन सरकार पर भी बोला हमला
सिलीगुड़ी : राफेल पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से यह साबित हो गया है कि इस रक्षा सौदे में किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. जो लोग चौकीदार चोर है के नारे लगा रहे थे दरअसल वही लोग चोर साबित हुए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ना खाऊंगा ना खाने दूंगा का जो नारा दिया था, उस पर वह पूरी तरह से खरे उतरे हैं. यह बातें भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कही. वह सोमवार को सिलीगुड़ी के एक होटल में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे.
उल्लेखनीय है कि राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा ने देश भर में करीब 78 स्थानों पर संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर पूरे तथ्यों की जानकारी आम लोगों को देने का फैसला किया है. इसी क्रम में सोमवार को शाहनवाज हुसैन सिलीगुड़ी में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे.
इस दौरान श्री हुसैन ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की. श्री हुसैन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से यह साबित हो गया है कि राफेल सौदे को लेकर कांग्रेसी झूठ फैला रही थी. दरअसल कांग्रेस भ्रष्टाचार वाली पार्टी है.
कांग्रेस की सरकार अब तक जितने भी रक्षा सौदे करती थी उसमें कोई ना कोई बिचौलिया शामिल होता था. इसी बिचौलिए के माध्यम से कांग्रेस की सरकार गड़बड़ी करती थी. ऐसा पहली बार हुआ है कि देश का कोई रक्षा सौदा बगैर किसी बिचौलिए के हुआ है.
दरअसल यह दो देशों के बीच रक्षा समझौता था. इस सौदे में कहीं से किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. भारत तथा फ्रांस के बीच इस रक्षा सौदे से पहले 78 बैठकें हुई.
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में इस तथ्य को पूरी तरह से सही माना है. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है कि डसॉल्ट को पार्टनर चुनने का हक है.सरकार का इसमें कोई लेना देना नहीं है. उन्होंने कांग्रेस पर सवाल करते हुए कहा कि करीब 10 वर्षों तक देश में मनमोहन सिंह की सरकार थी.
आखिर में उन्होंने राफेल खरीदने में जल्दबाजी क्यों नहीं दिखाई. वास्तव में कांग्रेस ने देश की सुरक्षा के साथ समझौता किया. राफेल विमान वायुसेना के लिए अत्यंत जरूरी था.
केंद्र में जब नरेंद्र मोदी की सरकार आई तो उन्होंने तत्काल फैसला लेते हुए राफेल की खरीद की एवं देश के वायु सेना को मजबूत किया. जबकि कांग्रेस राफेल खरीद में देरी कर देश की वायु सेना को कमजोर करना चाहती थी.
उन्होंने कहा कि सारे चोर एक होकर देश के ईमानदार प्रधानमंत्री को चोर बोल रहे हैं .इसके लिए देश की जनता उन्हें कभी भी माफ नहीं करेगी.
