बालुरघाट : बालुरघाट से बांग्लादेश होते हुए मेघालय के तुरा तक कॉरिडोर की स्थापना की मांग पर मेघालय के मुख्यमंत्री ने भी आवाज उठायी. उत्तर-पूर्व भारत के साथ संपर्क स्थापित करने में यह कॉरिडोर काफी महत्वपूर्ण साबित होगा. इस मामले में मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने बीते मंगलवार को केंद्रीय सड़क व भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ चर्चा की है.
बालुरघाट से ज्वाइंट मूवमेंट कमेटी ऑफ हिली-तुरा वाया बांग्लादेश के प्रतिनिधियों ने शिलांग जाकर मेघालय के मुख्यमंत्री से मुलाकात की और ज्ञापन प्रदान किया. इस बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि वह खुद भी इस कॉरिडोर स्थापना की इच्छा रखते है. जल्द से जल्द हिली-तुरा कॉरिडोर के बारे में बांग्लादेश सरकार से बातचीत करने को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है.
इस ज्ञापन प्रदान कार्यक्रम में संगठन के संयोजक नवकुमार दास, बंगरत्न अमूल्य रतन विश्वास, पूर्व सांसद सहित अन्य उपस्थित थे. साथ ही बांग्लादेश के प्रतिनिधियों में गाईबंदा जिले के चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि अतिकुर रहमान, विशिष्ट पत्रकार जाहिदुल इस्लाम, एक्सपोर्टर शाहिनूर रेजा शाहीन शामिल थे. वहीं मेघालय से अरूप नाग व नवकुमार भट्टाचार्य पहुंचे.
