गंगटोक : सिक्किम हवाई अड्डे की शुरुआत के साथ रविवार से देश के विमानन मानचित्र में शामिल हो जायेगा. यह हवाई अड्डा हिमालयी क्षेत्र में 4,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित होगा. एक सरकारी अधिकारी ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सिक्किम के पहले हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे.
पाक्योंग हवाई अड्डा 206 एकड़ में फैला हुआ है और इसका निर्माण 605.59 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. अधिकारी ने बताया कि पाक्योंग हवाई अड्डा प्रदेश की राजधानी गंगटोक से 30 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है. इस हवाई अड्डे से उड़ानों के परिचालन की शुरुआत से पर्यटकों को निकटतम बागडोगरा हवाई अड्डे से उतरने के बाद चार-पांच घंटे का मुश्किल भरा सफर नहीं करना पड़ेगा.
