कालिम्पोंग : कालिम्पोंग जिला अंतर्गत गोरूबथान पुलिस ने विमल गुरुंग समर्थक तीन व्यक्तियों को हथियार व विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया है. बुधवार रात एक गाड़ी में सवार तीनों आरोपी गोरूबथान से कहीं जा रहे थे, तभी गोरुबथान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. यह जानकारी कालिम्पोंग जिला पुलिस अधीक्षक धुव्र ज्योति दे ने दी. पुलिस ने तीनों के पास से 10 जिलेटिन स्टिक (विस्फोटक), 25 डेटोनेटर एवं दो देसी बंदूकें बरामद की हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरख जनमुक्ति मोर्चा की गोरूबथान बाजार शाखा के पूर्व अध्यक्ष सोमबारे बाजार निवासी जुरेन राई (51), अम्बियोक निवासी रमेश राई (23) एवं अपर फागु निवासी धीरज प्रधान (22) के रूप में की गयी है. गुरुवार को सभी आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के लिए 10 दिन की रिमांड की अर्जी दी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया. करते हुए अदालत ने 10 दिनों के पुलिस रिमांड पर उन्हें भेज दिया.
