कालिम्पोंग : अलग गोरखालैंड राज्य के लिए अगर राज्य सरकार प्रस्ताव पास करती है, तो केंद्र सरकार जरूर इसपर निर्णय लेगी. गोरखालैंड की मांग से केंद्र सरकार पूरी तरह अवगत है. उक्त बातें पत्रकारों से बातचीत के दौरान सोमवार को कालिम्पोंग में भाजपा के दिग्गज नेता राजीव प्रताप रूड़ी ने कहीं. वह जल संसाधन संसदीय समिति की समीक्षा बैठक में भाग लेने के लिये कालिंम्पोंग पहुंचे थे.
भाजपा नेता ने कहा कि गोरखालैंड पर निर्णय केंद्र को लेने से पहले राज्य सरकार को फैसला करना होगा. उन्होंने अलग राज्य के मुद्दे पर आम सहमति होने की बात कही. रूढ़ी ने आश्वासन देते हुए कहा कि यदि इस पर चर्चा होती है, तो हम भी साथ होंगे. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर श्री रूड़ी ने एसएस अहलुवालिया का जमकर गुणगान किया. उन्होंने कहा कि इस संसदीय क्षेत्र से अहलुवालिया जनप्रतिनिधि हैं. वह दार्जिलिंग के जनता की ओर से गोरखालैंड मुद्दे को निरंतर उठाते आ रहे हैं.
नौ साल पहले भी आये थे रूड़ी
सांसद की ओर से स्थानीय मुद्दों को भी गंभीरतापूर्वक केंद्र सरकार व संसद में उठाये जाते रहे हैं. नौ साल पहले श्री रूड़ी कालिम्पोंग में स्वतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने आये थे. जिसमें उन्होंने अलग राज्य गोरखालैंड में एक दिन सलामी ग्रहण करने की बातें कही थी. परंतु राज्य नहीं, वह अलग जिला कालिम्पोंग में जल संसाधन संसदीय समिति की समीक्षा बैठक में भाग लेने पहुंचे थे.
जल संसाधन पर बैठक
उन्होंने कहा कि जल संसाधन पर बनी संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में वह पश्चिम बंगाल, असम और बिहार राज्य की समीक्षा कर रहे हैं. इन तीनों राज्यों के जल संसाधनों के संबंधित अधिकारी चर्चा के लिए कालिम्पोंग आये हैं. पहले बंगाल के साथ चर्चा व दूसरे में बिहार व बुधवार को असम के साथ चर्चा करने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल ने एक पूर्ण और व्यापक प्रस्तुति दी है.
