दार्जिलिंग और कार्सियांग अस्पताल को मिलेगी एम्बुलेंस
जीटीए चेयरमैन ने झंडी दिखाकर किया रवाना
दार्जिलिंग : अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस तीन एम्बुलेंस को जीटीए चेयरमैन विनय तमांग ने सोमवार को झंडी दिखाकर रवाना किया. इनमें से दो दार्जिलिंग व एक एम्बुलेंस कार्सियांग महकमा अस्पताल को दिया गया है. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग व जीटीए के अधिकारीगण भी मौजूद रहे. चेयरमैन ने इसके लिए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार दार्जिलिंग व कार्सियांग के सरकारी अस्पतालों में रोगियों को बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से तीनों एम्बुलेंस दिया गया है. झंडी दिखाने के बाद तीनों एम्बुलेंस अपने गंतव्य की ओर चले गये.
कार्यक्रम के दौरान जीटीए के चेयरमैन विनय तमांग ने पत्रकारों को बताया कि यह एम्बुलेंस सभी प्रकार की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाते समय किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी. उन्होंने कहा कि खासकर गर्भवती महिलाओं व बच्चों के लिए इसमें विशेष प्रकार की सुधाएं उपलब्ध हैं.
एम्बुलेंस में एक चिकित्सक के साथ-साथ एक नर्स भी उपलब्ध रहेंगी व ड्राइवर अनुभवी होगा. मरीजों को ले जाते समय रास्ते में कोई परेशानी हो तो तुरंत उपचार किया जायेगा. पहाड़ के लिए तीन एम्बुलेंस दिये जाने पर तमांग ने राज्य सरकार के प्रति आभार प्रकट किया.
