हबीबपुर थाना क्षेत्र के मध्यम केंदुआ गांव की घटना
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर किया प्रदर्शन
मालदा : बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक महिला की सामूहिक पिटाई कर घायल कर दिया. रविवार की रात यह घटना हबीबपुर थाना के मध्यम केंदुआ गांव में घटी है. घटना की सूचना पाकर संबंधित थाना पुलिस गांव पहुंची. लेकिन गुस्साई जनता ने पुलिस कर्मियों को घेरकर विरोध-प्रदर्शन किया.
बाद में पुलिस ने आरोपी महिला को लोगों के चुंगल से छुड़ाकर मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया. महिला की हालत गंभीर बतायी गयी है. उसकी पहचान नहीं हो सकी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला को रविवार की रात संदेहास्पद तरीके से इलाके में घूमते देखा गया. इस दौरान महिला ने इलाके के बच्चे को गोद में उठायी. इसपर लोगों को उसपर शक हुआ.
ग्रामीणों ने मिलकर महिला की सामूहिक पिटाई कर दी. रात को ही मामले की खबर संबंधित थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस पहुंचने पर इलाकावासियों ने पुलिस को घेर कर विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस ने किसी तरह अधेड़ महिला को लोगों के चुंगल से छुड़ाया व उसे मालदा मेडिकल में भर्ती करवाया. महिला की हालत गंभीर रहने के कारण वह कुछ नहीं बता पा रही. हबीबपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है
