शराब कारोबारी समेत चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
मालदा : घर के सामने अवैध शराब की बिक्री का विरोध करने पर गृहबधू को हसुआ से वार कर हत्या करने की कोशिश की गयी. उसे बचाने आये उसके पति पर भी हमला किया गया.
गंभीर रुप से घायल गृहबधू दिपाली चौधरी (40) मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में चिकित्साधीन है. यह घटना शनिवार को हबीबपुर थाना के देवीनगर इलाके में घटी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि बिगत कुछ महीने से पड़ोसी नंदलाल चौधरी के घर पर अवैध शराब की बिक्री चल रहा था. जिससे इलाके में नशेरियों व बाहरी लोगों का आनाजाना लगा रहता है. इससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है.
बच्चों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है. दिन पर दिन यहां बाहरी लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है. शनिवार रात गृहबधू नंदलाल के घर जाकर शराब बिक्री का विरोध किया. इसे लेकर दोनों के बीच विवाद छिड़ गया. विवाद के बाद महिला अपने घर लौट आयी.
आरोप है कि देर रात नंदलाल व उसके साथी महिला के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट करने लगे. इस दौरान महिला को हंसुआ से वार कर हत्या करने की कोशिश की गयी. इसे देख उसका पति पूर्ण चौधरी उसे बचाने पहुंचा तो बदमाशों ने उसकी भी पिटाई कर दी. चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचते ही आरोपी फरार हो गये.
ग्रामीणों ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां से प्राथमिक इलाज के बाद पति को छोड़ दिया गया. पत्नी के सिर पर गंभीर चोट देखकर उसे मालदा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया. घायल के परिवार की ओर से नंदलाल चौधरी सहित चार के नाम पर हबीबपुर थाने में शिकायत दर्ज करवायी गयी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
