सिलीगुड़ी : पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के साथ ही बसों के किराये में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए एसयूसीआइ की दार्जिलिंग जिला कमेटी की ओर से शनिवार को शहर में एक विरोध रैली निकाली गयी.
इस दौरान किराया वृद्धि के सर्कुलर की प्रतीकात्मक प्रतिलिपि भी जलायी गयी. संगठन ने भाड़ा बढ़ाने से पहले यात्रियों से विचार- विमर्श करने की मांग रखी. शनिवार को आयोजित यह रैली कोर्ट मोड़ स्थित स्थानीय एसयूसीआइ कार्यालय से निकली और शहर की विभिन्न सड़कों की परिक्रमा करते हुए वापस से यहीं आकर समाप्त हुई.
इसके बाद संगठन की ओर से भाड़ा बढ़ोतरी के सर्कुलर को जलाया. एसयूसीआइ की दार्जिलिंग जिला कमेटी के सचिव गौतम भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य सरकार पेट्रोल-डीजल पर अपना कर कम करने की बजाय यातायात का किराया बढ़ाने में लगी है. उन्होंने करों में कटौती करने और यातायात किराये में वृद्धि से पहले यात्रियों के साथ बैठकर विचार-विमर्श करने की मांग रखी. इस विरोध रैली में एसयूसीआइ की ओर से जयंती भट्टाचार्य, मानी राय व संगठन के अन्य नेता-कर्मी उपस्थित थे.
