जलपाईगुड़ी : आर्थिक तंगी और शारीरिक अस्वस्थता से जूझते हुए जिला स्कूल के सूरज झा ने इस बार की कला विभाग में उच्च माध्यमिक परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया है. जलपाईगुड़ी शहर के समाजपाड़ा निवासी सूरज झा को कुल 419 अंक मिले हैं. उसे बांग्ला में 77, अंग्रेजी में 71, भूगोल में 81, इतिहास में 85, दर्शनशास्त्र में 94 और राजनीति शास्त्र में 82 अंक मिले हैं. सूरज झा के पिता इस दुनिया में नहीं हैं. मां रोटी-सब्जी बेचकर किसी तरह परिवार का निर्वाह करती है.
शुक्रवार की सुबह समाजपाड़ा स्थित अपने निवास में ही सूरज ने बताया कि शारीरिक अस्वस्थता के चलते वह आज के दिन अपने स्कूल के उत्सवी माहौल में शामिल नहीं हो सका. इसलिये उसका मन थोड़ा उदास है. हालांकि बेहतर परिणाम लाने के चलते उसे खुशी भी है. राज्य में उच्च माध्यमिक टॉपर ग्रंथन सेनगुप्त उसका सहपाठी है. उन्होंने एक साथ पढ़ाई की है. उससे पढ़ाई में काफी सहयोग मिला है. स्कूल के शिक्षकों ने भी उसकी काफी मदद की है. उसने बताया कि वह काफी दिनों से एनेमिया से पीड़ित है.
चिकित्सक तक नहीं पकड़ पाये हैं कि इसकी क्या वजह है. वह कॉलेज में दाखिला लेना चाहता है. मां शोनधाई झा ने बताया कि दो बेटियों और एक बेटे को लेकर उनका छोटा सा परिवार है. रोटी-सब्जी की दुकान से किसी तरह परिवार का गुजारा होता है. बेटे के इलाज के लिये अभी तक उसे किसी तरह की सरकारी मदद नहीं मिली है. यदि कोई सहृदय व्यक्ति या संगठन उसके इलाज के लिये मदद को आगे आयें तो वे फोन नंबर 9933357 181 पर संपर्क कर सकते हैं.
