जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी शहर के निजालय होम से इस वर्ष दो अनाथ बच्चियां भी उच्च माध्यमिक परीक्षा में सफल हुई हैं. इनकी इस सफलता से होम में खुशी का माहौल है. दोनों ने शहर के दो अलग-अलग स्कूलों से परीक्षा दिया था.
बचपन में ही दोनों अपने माता-पिता को खो चुकीं है. इस दुनिया में उनका अपना कोई नहीं है. अनाथ दो बहनें लक्ष्मी भट्ट व शुक्ला भट्ट की जिंदगी होम में हीं शुरू हुई. मयनागुड़ी का होम छोड़कर तीन साल पहले दोनों बहने जलपाईगुड़ी शहर के निजालय होम में रहती है. इसी होम से दोनों बहनों ने इस साल उच्चमाध्यमिक की परीक्षा दी है. शुक्रवार को परिणाम निकलते ही होम में खुशी छा गयी.
शहर के सेंट्रल गर्ल्स हाइस्कूल से कला विभाग से लक्ष्मी ने परीक्षा दिया था. वह 267 अंकों से सफल हुई है. वहीं शुक्ला ने सोनाली उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय से कला विभाग से 278 अंक लेकर सफल हुई है. होम की ओर से शिखा मित्र ने बताया कि दोनों बहनों की सफलता से सभी काफी खुश है. आगे भी दोनों बच्चियों की पढ़ाई में सहयोग किया जायेगा.
