जलपाईगुड़ी : माध्यमिक परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर विवादों में आये मयनागुड़ी के सुभाषनगर उच्च विद्यालय का इस बार परीक्षाफल आशा के अनुरुप नहीं हुआ है. हालांकि स्कूल के नौ विद्यार्थियों को स्टार अंक मिले हैं. इस बीच अपने परिणाम से असंतुष्ट फर्स्ट ब्वॉय शुभज्योति राय कोलकाता हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने इतिहास, बांग्ला और अंग्रेजी की उत्तर-पुस्तकाओं की पुन: जांच कराने की मांग करने का मन बना लिया है.
बुधवार को यह जानकारी शुभज्योति राय के पिता ने दी है. उल्लेखनीय है कि माध्यमिक परीक्षा के गणित परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पूर्व प्रश्नपत्र खोलने का आरोप स्कूल के प्रधान शिक्षक हरिदयाल राय पर स्कूल के ही शिक्षक विश्वजीत राय और एसआई विश्वनाथ भौमिक ने लगाया था. इस खबर की वीडियो फुटेज विश्वनाथ भौमिक और विश्वजीत राय के माध्यम से ही मीडिया तक पहुंची. उसके बाद ही पश्चिमबंग माध्यमिक परिषद ने घटना की जांच शुरु कर दी. हालांकि जांच रिपोर्ट सौंपी नहीं गयी है.
उस घटना को लेकर आरोपों के घेरे में प्रधान शिक्षक हरिदयाल राय व अन्य को कोलकाता बुलाकर पूछताछ की गयी थी. इस बीच एसआई विश्वनाथ भौमिक पर अज्ञात लोगों द्वारा रास्ते में पत्थर व ईंट फेंकने और विश्वजीत राय को जान से मारने की धमकी के मामलों में मयनागुड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी. इस बीच खुद प्रधान शिक्षक हरिदयाल राय ने स्कूल के परिणाम इस बार आशा के अनुरुप नहीं होने की बात कबूली है.
इस बार सुभाषनगर उच्च विद्यालय से कुल 373 परीक्षार्थी शामिल हुए जिनमें से 276 उत्तीर्ण हुए. इनमें से नौ को स्टार अंक मिले हैं. शुभज्योति राय को कुल 652 अंक मिले हैं. उल्लेखनीय है कि स्कूल के फर्स्ट ब्वॉय शुभज्योति राय को ही प्रश्नपत्र लीक के जरिये प्रश्नपत्र देने का आरोप है. उसके पिता ने बताया कि शुभज्योति को इतिहास, बांग्ला और अंग्रेजी में उम्मीद से कम अंक मिले हैं. इसलिये 9 जून को हाईकोर्ट के माध्यम से उत्तर-पुस्तकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग की जायेगी.
जिन लोगों ने उसको लेकर आरोप लगाये थे उन्हें भी अभियुक्त जायेगा. झूठे आरोपों के चलते वह मानसिक रुप से अवसादग्रस्त हो गया था. उसके परिवार की मानहानि भी हुई थी. इस प्रसंग में स्कूल के शिकायतकर्ता शिक्षक विश्वजीत राय ने कोई मंतव्य नहीं किया. मयनागुड़ी के एसआई विश्वनाथ भौमिक नेबताया कि उन्होंने समय से पहले प्रश्नपत्र खोलने की घटना को रंगे हाथ पकड़ा था. इसकी विस्तृत जानकारी माध्यमिक परिषद को दी गयी है. इससे अधिक मंतव्य करना उचित नहीं होगा.
