जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के बेलाकोवा अंचल कांग्रेस अध्यक्ष सत्य सरकार और उनके परिवार के उपर हमले की घटना घटी है. इसम हमले में घायल होने के बाद उनसभी की तबीयत बिगड़ गयी और उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.हमले की यह घटना मंगलवार को घटी थी. नामांकन दाखिल करने के दौरान वह सपरिवार सत्ताधारी पार्टी के हमले के शिकार हुए. वर्तमान में वह जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में पत्नी अर्पन सरकार एवं बेटा संजय सरकार के साथ चिकित्साधीन हैं.
जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने में उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज करवायी है. कोतवाली थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जानकारी मिली है कि सत्य सरकार कांग्रेस की टिकट पर ग्राम पंचायत चुनाव के लिए नामांकन देने की तैयारी कर रहे थे. लेकिन उन्हें तृणमूल की ओर से बार बार धमकियां दी जा रही थी. वह 9 अप्रैल को भी नामांकन जमा नहीं कर पाये. आरोप है कि उस दिन टीएमसी कार्यकर्ता उनके 2 बीघा पटसन के खेत को ट्रैक्टर से बर्बाद करने पहुंचे. रोकने गये तो टीएमसी के लोगों ने सत्य सरकार, उनकी पत्नी एवं उनके बेटे को उनके घर में ताला लगाकर कैद कर दिया. इसके बाद आसपड़ोस के लोगों ने आकर ताला तोड़कर उन्हें निकाला. मंगलवार को वह सपरिवार नामांकन दाखिल करने जा रहे थे. आरोप है कि उसी दौरान तृणमूल के दबंगों ने उनपर हमला कर दिया.
कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी गयी है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल घोष दस्तिदार ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी ने इलाके में आतंक कायम कर रखा है. उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में शांतिपूर्ण चुनाव संभव नहीं. जलपाईगुड़ी जिला तृणमूल अध्यक्ष सैकत चटर्जी ने कहा कि सत्य सरकार पर हमला उनका व्यक्तिगत मामला है. यह जमीन विवाद है. इसके पीछे टीएमसी का हाथ नहीं है.
