मालदा : नौवीं कक्षा की एक छात्रा को एक पड़ोसी युवक और उसके साथी काफी दिनों से तंग कर रहे थे. छात्रा के परिवार ने इसका विरोध किया तो नतीजा भयावह हुआ. सोमवार रात को आरोपी युवक दलबल के साथ छात्रा के घर में घुसा. उस समय घर में केवल छात्रा के दादाजी थे. आरोपियों ने बुजुर्ग को पीटकर और धारदार हथियार से हमला करके मार डाला. घटना कालियाचक थाने की अलीनगर ग्राम पंचायत के विश्वासपाड़ा गांव की है. हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने पांच आरोपियों को दबोच लिया. पुलिस ने छात्रा के पिता मानो शेख की लिखित शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी मुजाहिद शेख समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक का नाम सिद्दिकी शेख (65) है. उनकी पोती स्थानीय हाइस्कूल में नौवीं में पढ़ती है. उसे गांव का ही एक युवक मोजाहिद शेख काफी दिनों से परेशान कर रहा था. मोजाहिद की हरकतों का छात्रा के परिजनों ने विरोध किया था, पर उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं. स्कूल और ट्यूशन जाते समय वह छात्रा को परेशान किया करता था.पुलिस के पास दर्ज करायी गयी शिकायत में मानो शेख ने कहा है कि सोमवार रात को उनकी बेटी पास की एक किराना दुकान में सामान खरीदने गयी थी. उसी दौरान मोजाहिद ने अपने कुछ साथियों के साथ उसे घेर लिया. किसी तरह भागकर वह घर आयी. पीछा करते हुए मोजाहिद शेख भी हमारे घर पहुंच गया और बेटी को उठा ले जाने का प्रयास करने लगा. हमने इसका विरोध करते हुए युवकों को खदेड़ा. इसके बाद हमलोग बेटी को साथ लेकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी देने निकल गये.
इसी बीच हथियार से लैस होकर मोजाहिद शेख का दलबल पहुंचा. घर में उस समय केवल मेरे बूढ़े पिता थे. मोजाहिद और उसके साथियों ने मेरे पिता की हत्या कर दी.इस घटना से ग्रामीण भड़क उठे. उन्होंने आरोपियों को दबोच लिया और उनकी धुनाई कर दी. बाद में कालियाचक पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इनमें मोजाहिद शेख, उसके पिता बारेक शेख, चाचा नूरफूल शेख व दो अन्य शामिल हैं. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है.
