द्विवार्षिक आमसभा में पहुंचे गौतम देव व विनय तमांग
जल्द ही भवन के लिए 20 लाख रुपये मुहैया कराने की घोषणा
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब (एसजेसी) ने पूरे उत्तर बंगाल के पत्रकारों को एक छतरी के नीचे लाने की पहल की है. इसके लिए उत्तर बंगाल जर्नलिस्ट फोरम बनाने की योजना है.
अपनी 22वीं आमसभा में पूरे उत्तर बंगाल के पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों को बुलाकर उत्तर बंगाल पत्रकार फोरम बनाने की बात पर विशेष जोर दिया गया है. आमसभा के सफल समापन के साथ ही सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में चुनाव का बिगुल बज गया है. 22 अप्रैल को वर्ष 2018-20 के लिए कमिटी का चुनाव होगा.
रविवार को हुई इस द्विवार्षिक आमसभा में राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव, जीटीए प्रशासक विनय तमांग, सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब के अध्यक्ष प्रमोद गिरि, महासचिव अंशुमान चक्रवर्ती, संयुक्त सचिव पार्थ प्रतिम सरकार व कार्यकारी सदस्य सहित क्लब के सभी सदस्य उपस्थित हुए.
इसके अतिरिक्त अलीपुरद्वार, कूचबिहार, दार्जिलिंग, मिरिक, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर, मालदा आदि जिलों के पत्रकार संगठनो के सदस्य उपस्थित हुए थे.
कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद मंत्री गौतम देव ने कहा कि सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब के लिए कावाखाली की जमीन पर निर्माण कार्य के लिए राज्य सरकार की ओर 20 लाख रुपया अगले एक सप्ताह में मुहैया करा दिया जायेगा. उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा का भी भरोसा दिलाया. मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पत्रकारों के लिए काफी कुछ नयी पहल की है. माबोई से लेकर पेंशन की भी व्यवस्था किया है.
सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब के महासचिव अंशुमान चक्रवर्ती ने बताया कि क्लब के चारमंजिला भवन निर्माण का प्लान यादवपुर यूनिवर्सिटी से पास हो गया है. निर्माण कार्य का जिम्मा उत्तर बंगाल विकास मंत्रालय ने लिया है.
फिलहाल दोमंजिला इमारत का निर्माण कराया जायेगा. इसके बाद क्लब के विकास कार्यों को लेकर कमिटी व सदस्यों के बीच विचार-विमर्श हुआ. द्विवार्षिक आमसभा के समापन के साथ विदाई कमिटी को भंग कर चुनाव की घोषणा की गयी.
