ग्राम पंचायत ने वन विभाग से की मुआवजे की मांग
जयगांव : गुरुवार देर रात एक जंगली हाथी के हमले से डुआर्स के बंद बांदापानी चाय बागान के हाट खोला लाइन के 5 श्रमिकों के घर को नुकसान पहुंचा है. एक ओर जहां लम्बे समय से चाय बागान बंद पड़ा है,वहीं हाथी के हमले में घर टूट जाने के श्रमिक बेहद परेशान हो गये हैं.
बादांपानी चाय बागान के श्रमिक हाटखोला लाइन के डाली खाखा, अनुप किंडो, धारो उंराव, राम सागर दास, शिव शंकर दास आदि उस समय परिवार के साथ गहरी नींद में थे. कुत्तों के चिल्लाने से उनकी नींद खुल गयी.
इससे उन्हें समझ आ गया कि हाथी घुस आया है. लेकिन जबतक वे कुछ करते तबतक जंगली हाथी ने एक के बाद एक श्रमिकों का घर तोड़ना शुरू कर दिया. किसी तरह से श्रमिक अपने परिवारों के साथ जान बचाकर भागे. इसमें धारो उंराव सहित कई लोगों को चोटे आयी है. बागान के श्रमिकों का कहना है कि लम्बे समय से बागान बंद चल रहा है. डुआर्स के कई बागान खुल गये है.
लेकिन उनका दुखड़ा सुनने वाला कोई नहीं है. ऐसे में घर भी टूट गया. अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे क्या करें. मामले पर बांदापानी ग्राम पंचायत के उप प्रधान रमेश उरांव ने कहा कि वह मामले से वन विभाग को अवगत करा चुके है. प्रभावितों को मुआवजे दिलाने की कोशिश की जा रही है.
