स्थानीय लोगों ने किया पुलिस के हवाले
जलपाईगुड़ी : 17 दिनों की हड़ताल के बाद स्थिति थोड़ी स्वभाविक हुयी थी कि जलपाईगुड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज फिर विवादों में आ गया है.
सरेआम शराब पीकर अशोभनीय हरकत करने पर स्थानीय लोगों ने इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया. ये तीनों छात्र जलपाईगुड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्र हैं. शुक्रवार को शहर के कामाड़पाड़ा के निवासियों ने आरोपी छात्रों को पुलिस के हवाले कर दिया. इस मामले में पुलिस ने कॉलेज प्रशासन से घटना के संबंध में जानकारी मांगी है.
जानकारी अनुसार शुक्रवार की शाम को कोतवाली थाना पुलिस तीनों आरोपी छात्रों को नशे की हालत में थाने ले गयी. आरोप है कि तीनों छात्र बीच सड़क पर शराब पीने के अलावा फैंसीडिल कफ सीरप का सेवन कर रहे थे. इसका विरोध करने पर तीनों छात्र स्थानीय लोगों से भीड़ गये. कोतवाली थाना के आईसी विश्वाश्रय सरकार ने कॉलेज प्रशासन को इस के बारे में अवगत कराया गया है. रात को ही कॉलेज के अधिकारी थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से बात की.
जलपाईगुड़ी गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य अमिताभ राय ने बताया कि यह दुखद घटना है. वे छात्रों के इस आचरण के बारे में खोजबीन करेंगे. उल्लेखनीय है कि जलपाईगुड़ी शहर में इन दिनों शराब पीकर हंगामा करने की घटनाएं आम होती जा रही हैं. वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस तरह की हरकतों पर लगाम लगाने की मांग की है.
