जमकर हंगामा,बीडीओ कार्यालय में तोड़फोड़, पुलिस समेत कई लोग जख्मी

इटाहार : पंचायत चुनाव में नामांकन को लेकर हिंसा का सिलसिला जारी है. उत्तर दिनाजपुर में रायगंज के बाद अब इटाहार रणक्षेत्र बन गया. नामांकनपत्र दाखिल करने के तीसरे रोज भाजपा के प्रत्याशियों द्वारा पर्चा दाखिल करने में बाधा देने पर आक्रोशित भाजपा समर्थकों ने गुरुवार को जमकर हंगामा बरपाया. पुलिस का आरोप है कि […]

इटाहार : पंचायत चुनाव में नामांकन को लेकर हिंसा का सिलसिला जारी है. उत्तर दिनाजपुर में रायगंज के बाद अब इटाहार रणक्षेत्र बन गया. नामांकनपत्र दाखिल करने के तीसरे रोज भाजपा के प्रत्याशियों द्वारा पर्चा दाखिल करने में बाधा देने पर आक्रोशित भाजपा समर्थकों ने गुरुवार को जमकर हंगामा बरपाया. पुलिस का आरोप है कि भाजपाईयों ने बीडीओ ऑफिस में तोड़फोड़ करने के अलावा पुलिस पार्टी पर पथराव करने के साथ ही तीर चलाकर हमला किया.
बीडीओ ऑफिस के फर्नीचर को क्षतिग्रस्त करने के अलावा बैरिकेड भी तोड़ डाले. इस घटना में पुलिस अधिकारी शिवनाथ बर्मन के अलावा कई सिविक वॉलेंटियर जख्मी हुए हैं. शिवनाथ बर्मन का सिर फट गया है. एक बार तो ऐसा हुआ कि उग्र भीड़ के सामने पुलिस टिक नहीं सकी और डीएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को मैदान छोड़कर पीछे हटना पड़ा. उसके बाद भाजपा समर्थकों ने एनएच-34 के चौरास्ता मोड़ पर अवरोध कर प्रदर्शन किया. एक घंटे के बाद पुलिस अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद अवरोध हटा लिया गया.
भाजपा के उत्तर दिनाजपुर जिला उपाध्यक्ष निमाई सिंह ने आरोप लगाया कि तृणमूल के नेताओं कार्यकर्ताओं ने पर्चा दाखिल करने के प्रथम दिन से ही बाधा देना शुरू किया था. जब भाजपा के प्रत्याशियों ने नामांकनपत्र संग्रह करना शुरु किया तो तृणमूल समर्थित समाज विरोधियों ने दफ्तर में घुसकर उनके फार्म फाड़ डाले. उनके प्रत्याशी फार्म नहीं ले सके हैं. इसी के प्रतिवाद में आज सड़क अवरोध किया गया.
इससे पहले नामांकनपत्र संग्रह और जमा देने के दौरान समाज विरोधियों के तांडव से सुरक्षा के लिये इस बार इटाहार में भाजपा ने तीर धनुष से लैस आदिवासियों को अपना रक्षा कवच बनाया. गुरुवार की शाम को झारखंड दिशम पार्टी और भाजपा के समर्थन में आये करीब तीन हजार आदिवासियों ने तीर धनुष के साथ मोरचा संभाला तो समाज विरोधियों को वहां से भागना पड़ा था. आज नामांकन जमा देने गये भाजपाई प्रत्याशियों को बाधा देने के प्रतिवाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एनएच-34 के चौरास्ता पर पथावरोध कर प्रदर्शन किया. इस दौरान रैफ और कॉम्बेट फोर्स उतारी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >