रेलवे के साथ ही होगी बातचीत
कई स्थानों पर फ्लाईओवर बनाने पर जोर
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी शहर में दिन पर दिन जाम की समस्या विकराल हो रही है. आलम यह है कि 5 मिनट की दूरी तय करने में लोगों को आधे घंटे से 50 मिनट तक लग रहे हैं. हिलकार्ट रोड कथा सेवक रोड की बात क्या करें, शहर के विभिन्न चौराहों पर भी इन दिनों जाम की समस्या ने गंभीर रूप धारण कर लिया है. पिछले कुछ महीनों के दौरान खासकर चंपासारी मोड़ तथा दार्जिलिंग मोड़ में जाम की स्थिति से आमलोग काफी परेशान हैं. दार्जिलिंग मोड़ में जाम के कारण लोगों को घंटों गाड़ी में जाम खत्म होने का इंतजार करना पड़ता है.
खासकर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है. यहां बता दें कि बागडोगरा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए सिक्किम से भी काफी विमान यात्री आते हैं. सिक्किम से आने वाली यात्री मुख्य रूप से चंपासारी मोड़ तथा दार्जिलिंग मोड़ होते हुए हैं बागडोगरा एयरपोर्ट तक पहुंचते हैं. कई बार जाम के चक्कर में यात्रियों की फ्लाइट मिस हो जाती है. इस समस्या से शुक्रवार को उत्तर बंगाल विकास मंत्री रवींद्रनाथ घोष भी रूबरू हुए. उन्होंने सिलीगुड़ी में जाम की समस्या को सबसे बड़ी समस्या बताया है. एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंत्री आज सिलीगुड़ी में थे.
श्री घोष ने आगे कहा कि इस इलाके में रेलवे की भी जमीन है. इसलिए समस्या का समाधान अकेले राज्य सरकार से संभव नहीं है. वह रेलवे के अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि सिलीगुड़ी शहर को जाम की समस्या से बचाने के लिए यहां कई फ्लाईओवर बनाने की आवश्यकता है. खासकर दार्जिलिंग मोड़ में फ्लाईओवर का निर्माण अत्यंत जरूरी है. उन्होंने आगे कहा कि वह फ्लाईओवर बनाने का एक प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं. इसके अलावा सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक पुलिस तथा अन्य अधिकारियों के साथ एक बैठक करेंगे. सिलीगुड़ी शहर को जाम की समस्या से जल्दी निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी.
बाद में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री घोष ने कहा कि पिछले कुछ दिनों के दौरान सिलीगुड़ी में जाम की समस्या काफी गहरा गई है.
इस समस्या के शीघ्र समाधान की आवश्यकता है. वह शीघ्र ही विभागीय अधिकारियों के साथ बैइक करेंगे. इसके अलावा रेलवे से भी बातचीत की जायेगी. श्री घोष ने कहा कि शहर में जाम की समस्या से हर वर्ग के लोग परेशान हैं. खासकर दार्जिलिंग मोड़ में जाम के कारण कारोबारियों को काफी परेशानी हो रही है. दूरदराज क्षेत्र की यात्रा करने के लिए गाड़ियों से इसी रूट से आते-जाते हैं. जाम के कारण इनको सड़क पर काफी इंतजार करना पड़ता है.
