तृणमूल-भाजपा में सिमटी पंचायत चुनाव की लड़ाई

रायगंज : पंचायत चुनाव की घोषणा में अब कुछ ही दिन शेष हैं. जैसे-जैसे चुनाव करीब आते जा रहे हैं तृणमूल कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे के खिलाफ अपनी ताकत के बढ़-चढ़कर दावे कर रहे हैं. तृणमूल राज्य की सत्ता में है, तो भाजपा ने बहुत कम समय में बंगाल में मजबूत विपक्षी दल का स्थान […]

रायगंज : पंचायत चुनाव की घोषणा में अब कुछ ही दिन शेष हैं. जैसे-जैसे चुनाव करीब आते जा रहे हैं तृणमूल कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे के खिलाफ अपनी ताकत के बढ़-चढ़कर दावे कर रहे हैं. तृणमूल राज्य की सत्ता में है, तो भाजपा ने बहुत कम समय में बंगाल में मजबूत विपक्षी दल का स्थान ले लिया है.
उसके मतदान का प्रतिशत भी तेजी से बढ़ा है. इसलिए यह चुनाव भाजपा व तृणमूल कांग्रेस के बीच शक्ति-प्रदर्शन की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है. भाजपा ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. उत्तर दिनाजपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में यह देखा जा सकता है. एक जमाने में इस इलाके में वाम और कांग्रेस का बोलबाला था, पर अब लड़ाई भाजपा और तृणमूल के बीच केंद्रित होती जा रही है.
भाजपा के जिलाध्यक्ष निर्मल दाम और महासचिव एवं अधिवक्ता अमित साहा ने एक संक्षिप्त भेंट में बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की नींद काफूर हो गयी है. वहीं, कालियागंज पंचायत समिति के सभापति निताई वैश्य ने बताया कि विगत 2013 के पंचायत चुनाव में उत्तर दिनाजपुर जिले की अधिकतर ग्राम पंचायतों पर वाम मोर्चा या कांग्रेस का कब्जा हुआ था. उस समय तृणमूल किसी गिनती में नहीं थी.
लेकिन बाद में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में माहौल बदला. अब वह राज्य में सबसे बड़ी पार्टी है. जिला भाजपा के अमित साहा और निर्मल दाम ने कहा कि तृणमूल नेतृत्व को मान लेना होगा कि यह साल 2018 है, 2013 नहीं. जिले में सभी जगह जनता स्वत:स्फूर्त ढंग से भाजपा का समर्थन कर रही है. रुपये-पैसे या अन्य किसी प्रलोभन से कुछ होने वाला नहीं है.
तृणमूल कांग्रेस के राज्य सचिव असीम घोष ने कहा कि भाजपा नेतृत्व को यह समझना होगा कि यह बंगाल है, त्रिपुरा नहीं. इस प्रदेश की जनता को विकास का स्वाद मिला है. आम आदमी विकास चाहता है जो उसे इस सरकार के शासन में मिला है.
उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार भी तृणमूल को भारी जीत मिलेगी. वहीं, कालियागंज ब्लॉक के तृणमूल अध्यक्ष दधिमोहन देवशर्मा ने बताया कि राज्य में जिस रफ्तार से विकास हो रहा है, उसमें भाजपा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है. आम जनता को विकास का जो लाभ मिला है, दूसरी किसी सरकार ने उसे यह नहीं दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >