जीआरपी ने अस्पताल पहुंचाया
मालदा : यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे विभाग पर फिर सवालिया निशान लग गया है. पिछले शनिवार महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ की खबर मिली थी.
सोमवार को रेलवे यात्री से मारपीट व चलती ट्रेन से धक्का देकर गिराने की घटना घटी है. वह यात्री गंभीर हालत में मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती है. यह घटना सोमवार सुबह साढ़े सात बजे गौड़ मालदा रेलवे स्टेशन पर घटी है. अप आनंद बिहार ट्रेन से यात्री को धक्का मारकर गिरा दिया गया. घायल अवस्था में जीआरपी ने यात्री को मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया. वर्तमान में वहीं उसका इलाज चल रहा है. पुलिस सूत्रों से पता चला है कि घायल का नाम सबिर शेख (35) है.
वह कालियाचक थाना के जलालपुर ग्राम पंचायत के बड़ानगर डांगा इलाके का निवासी है. वह पटना में फेरिवाला का काम करता है. जानकारी मिली है कि पटना से घर लौटने के क्रम में उसके साथ यह हादसा हुआ. सबिर के सिर पर गहरी चोट लगी है. लेकिन घटना कैसे घटी इस संबंध में परिवार वालों को कुछ नहीं पता है. जीआरपी मामले की छानबीन कर रही है.
