सिलीगुड़ी में निकाली रैली जमकर किया विरोध प्रदर्शन
हाय-हाय के लगे नारे
सिलीगुड़ी : केंद्र सरकार के बजट प्रस्तावों के खिलाफ पूरे देश के साथ-साथ सिलीगुड़ी में भी वामपंथी ट्रेड यूनियन संगठनों ने मोर्चा खोला. यहां के विभिन्न वामपंथी ट्रेड यूनियन संगठनों ने गुरूवार को कंचनजंगा स्टेडियम के सामने से एक रैली निकाली. इसकी अगुवाई सिटू नेता समन पाठक तथा यूटीयूसी नेता अभिजित मजुमदार कर रहे थे.काफी संख्या में वामपंथी समर्थक इस रैली में शामिल हुए. यह सभी विभिन्न सड़कों की परिक्रमा कर हाशमी चौक पहुंचे.
इस रैली को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गए थे.पुलिस की मौजूदगी में इन सभी लोगों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका. इतना ही नहीं यह सभी लोग काफी देर तक विरोध प्रदर्शन करते रहे. इस दौरान मोदी-मोदी हाय हाय के नारे भी लगाए गए. बाद में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सिटू नेता समन पाठक ने केंद्र सरकार के साथ ही बजट प्रस्तावों की भी निंदा की. उन्होंने कहा कि इस साल गरीब विरोधी बजट पास हुआ है. आमलोगों को केंद्रीय बजट से कोई लाभ नहीं होगा. कार्पोरेट घरानों को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है.
वित्तमंत्री ने प्रधानमंत्री के कहने पर कार्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए बजट तैयार किया है.श्री पाठक ने इस मौके पर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि भाजपा की संप्रदायिक नीति के खिलाफ भी आज की रैली निकाली गयी है. इसके साथ ही इस रैली के द्वारा 12 सूत्री मांगों को लेकर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है.
उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश के साथ ही दार्जिलिंग जिले में भी वामपंथी ट्रेड यूनियन फेडरेशन के बैनर तले इस रैली का आयोजन किया गया. यदि सरकार शीघ्र गरीब विरोधी नीति नहीं बदलती और आने वाले दिनों में और भी तगड़ा आंदोलन किया जायेगा.
