पुख्ता व्यवस्था. प्रत्येक सेंटर पर पुलिस की रही तैनाती, बाहर अभिभावकों का जमावड़ा
प्रश्न-पत्र लेकर सेल्फी लेते दिखे विद्यार्थी
सिलीगुड़ी : सोमवार को सिलीगुड़ी के साथ ही पूरे राज्य में माध्यमिक की परीक्षा का पहला दिन था. परीक्षा शुरू होने से पहले शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में उत्साहित परीक्षार्थी अपने माता-पिता के साथ समय से पहले पहुंच चुके थे.
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो, इस बात को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ ही विभिन्न सरकारी व गौर सरकारी परिवहन संस्थाओं की ओर से परीक्षा केंद्रों तक बस परिसेवा शुरू की गयी थी. इसके अलावा अन्य दिनों के मुकाबले सोमवार को शहर के ट्रैफिक की बात की जाये, तो परिस्थिति काफी हद तक नियंत्रण में थी.
माध्यमिक की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के मुख्य ट्रैफिक प्वाइंट जैसे कि दार्जिलिंग मोड़, एयरव्यू मोड़, सेवक मोड़, वेनस मोड़, पानीटंकी मोड़ पर आज अधिक ट्रैफिक पुलिस को तैनात देखा गया. साथ ही शहर के सभी परीक्षा केंद्रों से लगभग 200 मीटर की दूरी तक सभी जेरॉक्स की दुकानों को परीक्षा चलने के दौरान बंद रखा गया था.
परीक्षा शुरू होने से पहले अर्घ बर्मन नामक एक परीक्षार्थी ने बताया कि वह पहली बार इतनी बड़ी परीक्षा दे रहा है, जिसे लेकर वह थोड़ा नर्वस है. इसके अलावा वह पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने आया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा सुबह 11:45 से आरंभ होकर दोपहर के 3 बजे तक चली. परीक्षा केंद्रों से निकलते वक्त परीक्षार्थियों के चेहरे पर मुस्कान की झलक दिखाई दी. परीक्षा केंद्रों से बाहर आकर विद्यार्थी हाथों में प्रश्न-पत्र लेकर सेल्फी लेते दिखाई दिये. इसी बीच कुलदीप प्रसाद, मोहम्मद तनवी, अरविंद साव, रेखा महतो तथा अन्य ने बताया कि आज हिंदी विषय की परीक्षा थी. मंगलवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा है जिसे लेकर वे थोड़े चिंतित हैं.
कुल मिलाकर सोमवार को सिलीगुड़ी के साथ पूरे उत्तर बंगाल में माध्यमिक परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्ण रही.स्कूल के बाहर अभिभावकों की भारी भीड़ थी. हांलाकि स्कूल कैंपस तथा उसके आसपास भी किसी को नहीं फटकने दिया गया.
