दिल्ली के लिए मिली एक और ट्रेन, लोगों ने जतायी खुशी

पूर्वोत्तर के लोगों को भी होगा लाभ सिलीगुड़ी : राजधानी तथा शताब्दी एक्सप्रेस के बाद सिलीगुड़ी तथा इसके आसपास के लोगों को दिल्ली जाने के लिए एक और सुपरफास्ट ट्रेन का तोहफा मिला है. इस ट्रेन की शुरूआत अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन से की गई है और यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी होते हुए दिल्ली के […]

पूर्वोत्तर के लोगों को भी होगा लाभ

सिलीगुड़ी : राजधानी तथा शताब्दी एक्सप्रेस के बाद सिलीगुड़ी तथा इसके आसपास के लोगों को दिल्ली जाने के लिए एक और सुपरफास्ट ट्रेन का तोहफा मिला है. इस ट्रेन की शुरूआत अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन से की गई है और यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी होते हुए दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक जायेगी. कल ही नाहरलागुन से इस ट्रेन को रेल राज्य मंत्री राजेन गोहाईं ने झंडी दिखा कर रवाना किया है. रेलवे द्वारा मिली जानकारी के अनुसार नाहरलागुन से आनंद विहार तक यह ट्रेन कुल 16 स्टेशनों को छुयेगी. यह ट्रेन करीब 2103 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. नाहरलागुन से आनंद विहार तक कुल 14 स्टॉपेज रखे गये हैं.
सिलीगुड़ी तथा उत्तर बंगाल के लोगों को भी इस ट्रेन से काफी लाभ होगा. उत्तर बंगाल में यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी सहित तीन स्टेशनों पर रूकेगी. न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर यह ट्रेन रात को 23.45 बजे पहुंचेगी. इस स्टेशन पर ट्रेन करीब 10 मिनट तक रूकेगी. उत्तर बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी के अलावा न्यू बोंगाईगांव तथा न्यू कूचबिहार स्टेशन पर इस ट्रेन का स्टॉपेज है. सिलीगुड़ी के रहने वाले महेंद्र साहा का कहना है कि वह अक्सर ही दिल्ली आते-जाते हैं. बिजनेस के सिलसिले में उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता है.
पहले राजधानी एक्सप्रेस ही इस रूट पर सबसे उचित ट्रेन थी. अब इस नये सुपरफास्ट एक्सप्रेस के चलने से उनके जैसे तमाम रेल यात्रियों को काफी लाभ होगा. हालांकि उन्होंने सप्ताह में सिर्फ एक दिन ही इस ट्रेन के चलने पर नाखुशी भी जाहिर की है. श्री साहा ने इस ट्रेन को सप्ताह में कम से कम दो बार चलाने की मांग की है. इस संबंध में पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के सीपीआरओ प्रणव ज्योति शर्मा ने बताया है कि नयी ट्रेन फिलहाल सप्ताह में सिर्फ एक दिन चलेगी.
अरुणाचल एसी सुपरफास्ट स्पेशल अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन से सुबह 11.30 बजे चलेगी और करीब 2104 किलोमीटर की दूरी तय कर तीसरे दिन दिन के लगभग डेढ़ बजे दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी. यह ट्रेन पूरी तरह से एयरकंडीशन है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >