दोनों कूचबिहार के तूफानगंज निवासी
जमीन के नाम पर लिये 46 लाख रुपये डकारने की भी साजिश
जिससे पैसा लिया, अकाउंट नंबर देकर उसी को फंसाने का था इरादा
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने नेताओं को धमकी भरा खत लिख कर रंगदारी मांगने के मामले में पार पा लिया है. सिलीगुड़ी के प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं को धमकी भरा खत भेजने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपियों का नाम धर्तीमन वर्मन व गोविंद वर्मन बताया गया है. ये दोनों कूचबिहार जिले के तूफानगंज इलाके के निवासी है. पुलिस इन दोनों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश करेगी. जमीन दिलाने का वादा कर जिससे 46 लाख रूपया लिया उसे ही फंसा कर रूपया व जमीन दिलाने से बचने के लिए आरोपियों ने यह साजिश रची.
आरोपी धर्तीमन व गोविंद सिलीगुड़ी के कालेज पाड़ा स्थित बाघाजतीन पार्क के पास किराये के मकान में रहते हैं. ये दोनों हार्डवेयर का काम करते हैं. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धमकी भरे खत में जिस सुरेंद्र कुमार के नाम पर दो बैंक अकाउंट नंबर दिये गये थे, वह वास्तव में सुरेंद्र कुमार यादव के नाम पर है. सुरेंद्र कुमार शहर के एक व्यवसायी है. कुछ महीने पहले इन दोनों ने सुरेंद्र कुमार को चंपासारी इलाके में जमीन दिलाने का वादा किया था. जमीन दिलाने के नाम पर इन दोनों ने सुरेंद्र कुमार से 46 लाख रूपये भी लिये थे. लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी जमीन न दिलाने पर सुरेंद्र ने इनसे रूपया वापस करने की मांग की. जमीन व रूपया न देने पाने की स्थिति में आरोपियों ने सुरेंद्र कुमार को किसी विवाद में फंसाकर बच निकलने का प्लान बनाया. इसी साजिश के तहत पांच लाख रूपए की मांग कर धमकी भरे खत नेताओं को भेजे गए. जिसमें सुरेंद्र कुमार यादव के नाम पर दर्ज दो बैंक अकाउंट भी दिया. ताकि पुलिस उस अकाउंट धारी व्यक्ति को धर ले. पुलिस ने आरोपियों के पास से धमकी भरे खत की कई प्रति के साथ ही कम्प्यूटर व प्रिंटर जब्त कर लिया है. पूछताछ में आरोपियों ने ही इस रहस्य का खुलासा किया. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को पहले दिन से शक था कि कद्दावर नेताओं को खत भेजकर उनसे रूपया ऐंठना आरोपियों का मकसद नहीं वरण इसके पीछे दूसरी ही साजिश है.
गुरूवार की शाम सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी पुलिस कमिश्नर जोन-2 तरूण हलदार ने बताया कि सुरेंद्र कुमार को जमीन व रूपया वापस करने से बचने के लिए ही यह साजिश रची गयी थी. कूचबिहार स्थित आरोपियों के घर पर छापेमारी की गयी है. शुक्रवार को इन्हें अदालत में पेश किया जायेगा. यहां बता दे कि बीते शनिवार को सबसे पहले जान से मारने की धमकी भरा एक खत तृणमूल नेता डॉ. रूद्रनाथ भट्टाचार्य को भेजा गया था. इसके बाद सिलीगुड़ी भाजपा अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, फिर सिलीगुड़ी के विधायक सह मेयर अशोक भट्टाचार्य व माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के कांग्रेस विधायक तथा जिलाध्यक्ष शंकर मालाकार को भी खत भेजा गया. इस खत में पांच लाख रूपया बैंक खाते में जमा कराने को कहा गया था. अन्यथा इनके परिवार व इन लोगों को जान से मारने की धमकी दी गयी थी.
