हुजूर साहेब के मेले में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

मन्नतें लेकर दूरदराज से पहुंचे हैं श्रद्धालु दर्शन और चादरपोशी के लिए लगा तांता हलदीबाड़ी. उत्तर बंगाल के विख्यात सूफी संत हुजूर साहेब एकरामुल हक का 73वां इस्साले सवाब मनाया जा रहा है. रविवार को इस उपलक्ष्य में आयोजित मेले का शुभारंभ सूफी संत के नवासे जनाब खंदकार सैय्यद मोहम्मद अफजाजुल हक ने किया. यह […]

मन्नतें लेकर दूरदराज से पहुंचे हैं श्रद्धालु
दर्शन और चादरपोशी के लिए लगा तांता
हलदीबाड़ी. उत्तर बंगाल के विख्यात सूफी संत हुजूर साहेब एकरामुल हक का 73वां इस्साले सवाब मनाया जा रहा है. रविवार को इस उपलक्ष्य में आयोजित मेले का शुभारंभ सूफी संत के नवासे जनाब खंदकार सैय्यद मोहम्मद अफजाजुल हक ने किया. यह परिवार फिलहाल बांग्लादेश में रहता है.
इस मौके पर उद्धाटन कार्यक्रम में वहां उपस्थित रहे उत्तर बंगाल के कई नेता, मंत्री उपस्थित रहे. मेले के प्रथम दिन हजारों की तादाद में श्रद्धालु यहां चादर चढ़ाने और मजार के दर्शन के लिये पहुंचे. उल्लेखनीय है कि पिछले साल यहां 10 लाख श्रद्धालुओं का समागम हुआ था. मेले में अपार भीड़ को देखते हुए जहां सुरक्षा के तमाम इंतजामात किये गये हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए पेयजल एवं ठहरने तक की व्यवस्था की गयी है.
यह मेला सोमवार तक चलेगा. लोग बताते हैं कि यहां मांगी गयी मन्नतें पूरी होती हैं. उल्लेखनीय है कि मेले के सफल आयोजन के लिये प्रशासन और मेला कमेटी के बीच कई बार बैठक हुई. बैठक में लिये गये फैसलों के मुताबिक मजार संलग्न जगह में किसी को भी दुकान लगाने की अनुमति नहीं है. अग्निकांड पर रोक लगाने के लिये मेला परिसर में गैस सिलेंडर पर पूरी तरह से रोक लगायी गयी है. इसके अलावा छोटी छोटी मोमबत्तियों और अगरबत्तियों के इस्तेमाल के लिये लोगों से अनुरोध किया गया है. मेला परिसर को स्वच्छ रखने के लिये कूड़ेदान की व्यवस्था की गयी है.
मेला परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर 55 वर्दीधारी पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं जबकि पर्याप्त संख्या में सादे पोशाक में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है. सीसीटीवी कैमरे लगाने के अलावा एसएसबी जवानों की भी तैनाती की गयी है. किसी तरह की प्राकृतिक आपदा के लिये एक दमकलवाहन के साथ फायरमेन मेला परिसर में तैनात रहेंगे. मेला तक आने जाने वालों के लिये अतिरिक्त सरकारी बसें चलायी जा रही हैं.
इस्साले सवाब कमेटी के अनुरोध पर रेलवे भी हलदीबाड़ी तक जाने के लिये विशेष ट्रेन चला रही है. सुबह 8:45 बजे सिलीगुड़ी से हलदीबाड़ी लोकल ट्रेन चलायी गयी है. ट्रेन पौने बारह बजे हलदीबाड़ी से सिलीगुड़ी के लिये रवाना होगी. दोपहर पौने दो बजे एक और ट्रेन एनजेपी से हलदीबाड़ी के लिये छूटेगी. यह ट्रेन पौने पांच बजे शाम को रवाना होगी. सिलीगुड़ी से शाम पांच बजे एक ट्रेन हलदीबाड़ी के लिये रवाना होगी जो रात को हलदीबाड़ी पहुंचेगी. इनके अलावा दिन रात गैरसरकारी बसों का परिचालन हलदीबाड़ी तक मेले को लेकर होगा.सूत्र के अनुसार सरकारी बसें हलदीबाड़ी की कालीबाड़ी से रवाना होंगी.
मेले को लेकर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिये हलदीबाड़ी की मुख्य सड़क पर टोटो का परिचालन बंद रखा गया है. वाहनों के लिये हलदीबाड़ी हाई स्कूल मैदान, मजार शरीफ संलग्न मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. इस्साले सवाब कमेटी के सचिव लुत्फर रहमान ने बताया कि पुण्यार्थियों के लिये मेला प्रांगण में ही ठहरने और पेयजल की व्यवस्था की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >