नाथुला मार्ग पर फंसे कई पर्यटक निकाले गये
बर्फबारी के चलते आज छांगु-नाथुला का परमिट नहीं
दार्जिलिंग/ सिक्किम : बुधवार शाम करीब 6.30 बजे दार्जिलिंग शहर में जमकर ओलावृष्टि हुई. पहले तेज बारिश शुरू हुई, फिर ओले पड़ने शुरू हुए. देखते-देखते आसमान से ओलों की जोरदार बौछार होने लगी. कुछ ही समय में सड़कों ने सफेदी की चादर ओढ़ ली. ओलावृष्टि के बाद ठंड फिर से लौट आयी है. जमीन पर बिछी बर्फ की चादर के कारण काफी देर के लिए यातायात लगभग रुक गया. वहीं सिक्किम में शाम चार बजे से झमाझम बारिश हुई और राज्य के कई हिस्सों मे ओलावृष्टि और बर्फबारी हुई.
जानकारी के मुताबिक, शाम के करीब चार बजे मौसम अचानक बदला. तेज हवाओं के साथ राजधानी गंगतोक में अंधेरा छा गया. झमाझम बारिश के साथ गंगतोक के ऊपरी हिस्सों में ओले पड़े. दक्षिण और पश्चिम जिला के कई इलाकों में व्यापक ओलावृष्टि होने से किसानों की नयी फसलें खराब हो गयी हैं. दक्षिण जिले के चर्चित पर्यटक स्थल रावांगला में ओले की सफेद चादर दिखी. इस के साथ राज्य के ज्यादा ऊंचाईवाले इलाकों में बर्फबारी हुई है. पूर्व जिला के छांगु, नाथुला, कुपुप, जलुक आदि इलाकों में भारी बर्फबारी हुई. उत्तर सिक्किम के लाचेन में व्यापक बर्फबारी हुई है. गुरुदोंगमार जाने के लिए बेस कैंप के रूप में चर्चित लाचेन में इस साल बर्फबारी का यह दूसरा अवसर है.
इससे पहले जनवरी में हल्की बर्फबारी हुई थी. चर्चित पर्यटन स्थल छांगु में व्यापक बर्फबारी के कारण 13 माइल में लगभग 56 पर्यटक गाड़ियां फंसी हुई थीं, जिन्हें सेरेथांग थाना पुलिस की मदद से देर शाम 7.30 बजे सकुशल निकाला गया.ठूलोखोला में पर्यटकों की एक मोटरसाइकिल बर्फ में फंस गयी. पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, पर उनकी बाइक फिलहाल नहीं निकाली जा सकी है. बर्फ 3 माइल चेकपोस्ट तक पड़ी है. इसलिए गुरुवार को पर्यटकों के लिए कोई भी पास जारी नहीं किया जायेगा. बुधवार को कुल 316 वाहनों में पर्यटक छांगु, नाथुला तथा बाबा मंदिर भ्रमण पर गये थे.
