समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखने का अनुरोध
अपने स्तर से भी वेतन बढ़ाने की मांग
दार्जिलिंग : एमएसके केन्द्रीय समिति के सचिव छत्रसिंग निरौला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जीटीए प्रशासनिक बोर्ड के चेयरमैन विनय तमांग से भेंट की. जीटीए मुख्यालय लाल कोठी में एमएसके की समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन पत्र भी सौंपा गया. विनय तमांग ने प्रतिनिधिमंडल को आगामी कुछ दिनों के भीतर कोलकाता जाकर मुख्यमंत्री और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन सारे विषयों से अवगत कराने का भरोसा दिया. यह जानकारी एमएसके समित ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिये दी है.
विज्ञप्ति में कहा गया है कि विभागीय उपेक्षा हद पार कर चुकी है. इसे और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. पाठशाला भवनों का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है. रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं हो रही. बच्चों की यूनिफॉर्म व मिड-डे मील का पैसा अभी तक नहीं मिला है. एमएसके शिक्षक- शिक्षिकाओं का मासिक वेतन काफी कम है, जिससे जीवन चलाना काफी कठिन होता है. श्री तमांग से कोलकाता यात्रा के दौरान इन सारे विषयों को मुख्यमंत्री से लेकर विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखने का अनुरोध किया गया है. प्रतिनिधिमंडल ने जीटीए क्षेत्र में जीटीए की ओर से एमएसके शिक्षकों का वेतन बढ़ाने का अनुरोध भी किया है. भेंटवार्ता के दौरान संगठन के उपाध्यक्ष मनोज कुमार राई, छेनाम लामा आदि उपस्थित थे. यह जानकारी छत्रसिंग निरौला ने दी है.
