परियोजनाओं के लिए फंड की समस्या नहीं
कोलकाता. सब कुछ यदि योजना के मुताबिक होता है तो महानगर के लोगों को मेट्रो का नायाब तोहफा मिल सकेगा. दुर्गा पूजा के पहले ही सॉल्टलेक स्टेडियम से फूलबागान तक मेट्रो परिसेवा शुरू की जा सकेगी.
मेट्रो रेलवे, कोलकाता के महाप्रबंधक अजय विजयवर्गीय ने बताया कि सॉल्टलेक स्टेडियम से फूलबागान का कार्य समय पर समाप्त हो जायेगा. इसके बाद कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी(सीएसआर) की ओर से सुरक्षा मंजूरी लेनी होगी. साथ ही पूरी तरह से अत्याधुनिक रेक इसके लिए आ रहे हैं. लिहाजा उसकी भी जांच की जायेगी. यदि सबकुछ समय पर हुआ तो इस वर्ष यह परिसेवा शुरू की जा सकेगी. हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि इस मेट्रो परिसेवा का किराया मौजूदा मेट्रो के किराये से अधिक होगा.
इसके अलावा मेट्रो रेलवे की ओर से अगले वर्ष यानी 2019 में कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन से रूबी तक मेट्रो परिसेवा शुरू करने की योजना है. संवाददाता सम्मेलन में श्री विजयवर्गीय ने साफ किया कि मेट्रो परियोजनाओं को पूरा करने के लिए फंड की समस्या किसी भी प्रकार से नहीं होगी. ऐसी खबरें आ रही थी कि बजट में फंड का आवंटन मेट्रो को कम किया गया है. श्री विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि रेलवे बोर्ड ने साफ कहा है कि परियोजनाओं के लिए फंड की कोई दिक्कत नहीं होने वाली है. इसके लिए पर्याप्त फंड मौजूद हैं.
