एचपीडब्ल्यूयू ने दार्जिलिंग के एएलसी से की मुलाकाता
एएलसी ने 31 मार्च तक इंतजार करने को कहा
दार्जिलिंग : बकाया पूजा बोनस की मांग को लेकर गोरामुमो के श्रमिक संगठन एचपीडब्ल्यूयू ने आगामी 20 फरवरी से दार्जिलिंग टी एसोसिएशन, इंडियन टी एसोसिएशन आदि के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है. दार्जिलिंग प्रेस गिल्ड में संगठन के केंद्रीय महासचिव जेवी तमांग ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि साल 2016 के पूजा बोनस को लेकर 21 सितंबर 2017 को त्रिपक्षीय बैठक हुई थी, जिसमें 19.75 प्रतिशत की दर से बोनस देना तय हुआ थी.
बोनस दो किस्तों में दिया जाना था. पहली किस्त पूजा से पहले और दूसरी किस्ता दीपावली से पहले देनी थी. दूसरी किस्त आज तक नहीं मिल पायी है. इसे लेकर श्रमिक संगठनों गत चार जनवरी को विभागीय अधिकारियों से भेंटवार्ता की थी, जिसमें 31 जनवरी तक बकाया राशि का भुगतान करने का निर्देश बागान मालिकों को दिया गया था. लेकिन निर्देश का अनुपालन नहीं हुआ.
एचपीडब्ल्यूयू की टोली ने मंगलवार को एएलसी से भेंटवार्ता की, जिसमें एएलसी ने 31 मार्च तक प्रतीक्षा करने को कहा. लेकिन एचपीडब्ल्यूयू ने 20 फरवरी से डीटीए, आइटीए आदि कार्यालयों के आगे विरोध प्रदर्शन करने की जानकारी दी. एचपीडब्ल्यूयू के केंद्रीय महासचिव जेवी तमांग ने कहा कि चाय श्रमिकों की दैनिक मजदूरी में 17 रुपये 50 पैसे की वृद्धि की गयी है, लेकिन श्रमिक संगठन मजदूरी कम से कम 200 रुपये करने की मांग करते आ रहे हैं. श्री तमांग ने कहा कि श्रमिकों को मिलनेवाले राशन और केरोसिन तेल में कटौती की बात सुनने को मिल रही है. यदि ऐसा हुआ तो हम लोग उसका विरोध करेंगे
एचपीडब्ल्यूयू के दार्जिलिंग ब्रांच कमिटी अध्यक्ष सुदेश राई ने बताया कि रंगलीहाट चाय बगान में कार्यरत श्रमिकों का पूजा बोनस 15.50 प्रतिशत की दर से तय हुआ था, लेकिन अभी तक केवल 10 प्रतिशत दिया गया है.
