पुलिस ने निकाला घर में दफनाया शव
पत्नी व पुत्रवधू गिरफ्तार, बेटा फरार
शराब पीकर अत्याचार करने की वजह से हुई हत्या
दिनहाटा : मां और पत्नी के साथ मिलकर पिता को मार डालने का आरोप बेटे पर लगा है. घटना के दो दिन बाद घर के ही अहाते से मृत व्यक्ति का शव जमीन खोदकर पुलिस ने निकाला. शव करीब दस फुट नीचे दबाया गया था, जिसे जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया. मृत व्यक्ति का नाम वकील बर्मन बताया गया है. पुलिस ने वकील बर्मन की पत्नी और पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटा बापी बर्मन फरार है. कूचबिहार जिले के दिनाहाटा-2 ब्लॉक की बड़ साकदल ग्राम पंचायत इलाके की यह घटना है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गृहस्वामी वकील बर्मन के लापता होने की शिकायत पुलिस में बेटे बापी बर्मन ने ही दर्ज करायी थी. पुलिस ने इस मामले की छानबीन शुरू की तो उसे शव के घर में ही दब होने की जानकारी एक गुप्त सूत्र से मिली. इसके बाद विशाल पुलिस दल के साथ दिनहाटा के एसडीपीओ कुंतल बनर्जी घटनास्थल पर पहुंचे. साहेबगंज थाने के ओसी हेमंत शर्मा, ब्लॉक के बीडीओ अमर्त्य देवनाथ व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये. पुलिस की पूछताछ में वकील बर्मन की पत्नी और पुत्रवधू ने सबकुछ स्वीकार कर लिया और उनकी निशानदेही पर जेसीबी मशीन से जमीन खोदकर शव निकाला गया.
मृतक वकील बर्मन की पत्नी ने बताया कि वह घटना के दिन घर में नहीं थी. शराब पीकर घर आने और अत्याचार करने पर बेटे और बहू ने उसके पति को मार डाला. हत्या के बाद शव को जमीन में गाड़ दिया गया. मृतक की पुत्रवधू देवश्री बर्मन ने बताया कि उसके ससुर अक्सर ही शराब पीकर आते थे और घर में तोड़फोड़ व अत्याचार करते थे. घटना के दिन भी यही हुआ. इसके बाद उसके पति ने ससुर पर छुरी से हमला कर दिया. देवश्री ने कहा कि शव को गाड़ने में उसका पति, वह खुद और उसकी सास, तीनों शामिल रहे हैं.
एसडीपीओ ने कहा कि 28 जनवरी की रात हत्या हुई. मामले का पर्दाफाश हो चुका है. जल्द ही फरार बेटे बापी बर्मन को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
