दो महिलाओं समेत पांच नारी तस्कर किये गये गिरफ्तार

सफलता. प्रेम जाल में फांस अगवा की गयीं दो नाबालिग मुक्त अदालत में पेश कर पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया बानरहाट : बानरहाट पुलिस की तत्परता से दो नाबालिग लड़कियों को तस्करी से बचा लिया गया. दोनों बरामद लड़कियां गयेरकाटा गर्ल्स स्कूल में नौवीं में पढ़ती हैं. इस घटना के संबंध में सोमवार […]

सफलता. प्रेम जाल में फांस अगवा की गयीं दो नाबालिग मुक्त

अदालत में पेश कर पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया
बानरहाट : बानरहाट पुलिस की तत्परता से दो नाबालिग लड़कियों को तस्करी से बचा लिया गया. दोनों बरामद लड़कियां गयेरकाटा गर्ल्स स्कूल में नौवीं में पढ़ती हैं. इस घटना के संबंध में सोमवार देर रात पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें दो कथित प्रेमियों के अलावा तीन लोग शामिल हैं. गिरफ्तार पांच लोगों में से दो महिलाएं हैं. सभी को मंगलवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया. पुलिस का अनुमान है कि ये पांचों नारी तस्कर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं.
पुलिस व स्थानीय सूत्रों से पता चला है कि गयेरकाटा की मनसादास कॉलोनी की निवासी उक्त दोनों लड़कियां रविवार की सुबह से लापता थीं. दोनों के परिजनों इसकी सूचना बानरहाट थाने को दी. जानकारी के मुताबिक, स्थानीय युवक स्वपन घटवार और आकाश राय उर्फ एलिस चिरकिंदा ने दोनों को साजिश के तहत अपने प्रेम जाल में फांसा. इसके बाद बाकी तीन लोगों की मदद से उनका अपहरण कर लिया गया. आरोप है कि उन दोनों युवकों की मदद से मानव तस्कर गिरोह के सदस्यों ने दोनों नाबालिगों को दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी पूरी कर ली थी.
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि रविवार रात उन दोनों लड़कियों के परिवार की ओर से थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज करवायी गयी. इसके बाद मोबाइल फोन को ट्रेस कर पुलिस ने जाल बिछाया.
सोमवार को बानरहाट पुलिस की ओर से धूपगुड़ी व एनजेपी स्टेशन को भी सतर्क कर दिया गया. पुलिस की खोजबीन के बारे में पता चलते ही तस्करों ने लड़कियों को गयेरकाटा चाय बागान इलाके में छुपा दिया. लेकिन मोबाइल फोन ट्रेस होने के कारण पुलिस ने एक कथित प्रेमी को पकड़ लिया. उससे पूछताछ कर पुलिस ने सोमवार रात दोनों लड़कियों को बरामद कर लिया. बाद में धूपगुड़ी व गयेरकाटा से मानव तस्करी गिरोह के बाकी सदस्यों को गिरफ्तार किया गया.
दो कथित प्रेमियों के अलावा गयेरकाटा के नाथुआ रोड इलाका निवासी माया छेत्री, शांता बहादुर छेत्री एवं लोधा लाइन निवासी कस्ती नाग को गिरफ्तार किया गया है. आइसी विपुल सिन्हा ने बताया कि तस्कर गिरोह के दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए आरोपियों को 12 दिन की रिमांड पर लिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >