गणतंत्र दिवस पर लहराया तिरंगा, दिखा देशभक्ति का जज्बा

राष्ट्र प्रेम, एकता व अखंडता का संकल्प रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम सिलीगुड़ी : शुक्रवार को देश भर के साथ सिलीगुड़ी में भी 69वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया. इस मौके पर सिलीगुड़ी के आसमान पर जहां तिरंगा लहराया, वहीं, शहरवासियों ने जोरदार तरीके से तिरंगे को सैल्यूट कर सम्मान भी […]

राष्ट्र प्रेम, एकता व अखंडता का संकल्प

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
सिलीगुड़ी : शुक्रवार को देश भर के साथ सिलीगुड़ी में भी 69वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया. इस मौके पर सिलीगुड़ी के आसमान पर जहां तिरंगा लहराया, वहीं, शहरवासियों ने जोरदार तरीके से तिरंगे को सैल्यूट कर सम्मान भी किया. साथ ही राष्ट्र प्रेम-एकता-अखंडता बरकरार रखने का संकल्प भी लिया. सभी सरकारी, गैर-सरकारी दफ्तरों, प्रतिष्ठानों, स्कूलों, सामाजिक-व्यापारिक संगठनों, क्लबों व अन्य संस्थाओं की ओर से गणतंत्र दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की खूब धूम मची. साथ ही रक्तदान, नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा जैसे सेवा मूलक जनजागरुकता कार्यक्रम भी दिनभर चले.
श्री श्याम सखा सेवा परिवार : इस धार्मिक संगठन की ओर से गल्ला बाजार खालपाड़ा के नेहरु रोड के शंकर मोड़ पर 69वां गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया. शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी गौरीशंकर गोयल ने बतौर अतिथि के तौर पर तिरंगा फहराया. संगठन के युवा कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्रगान का भी गायन किया. इस दौरान बच्चों और सैकड़ों लोगों के बीच प्रसाद भी वितरण किया गया. इस कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष कमल गोयल, सचिव दिलीप मोदी, कोषाध्यक्ष तनुज अग्रवाल समेत सभी युवा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही. इसके अलावा गल्ला कारोबारियों की संगठन सिलीगुड़ी मर्चेंट्स एसोसिएशन (एसएमए) की ओर से एसएमए भवन, नवयुवक वृंद क्लब की ओर से पांच नंबर वार्ड के संतोषीनगर, एसपी मुखर्जी रोड स्थित साहु भवन में साहु समाज की ओर से भी गणतंत्र दिवस मनाया गया. इस दौरान रक्तदान शिविर व स्वास्थ्य जांच जैसे जनजागरुकता शिविरों का भी आयोजन किया गया.
एचबी विद्यापीठ : एसपी मुखर्जी रोड स्थित हिन्दी बालिका विद्यापीठ में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस बहुत ही धूम-धाम से मनाया गया.इसमें विद्यालय के प्रमुख गणमान्य अतिथियों के रूप में सुशील बरेलिया, तारक चंद डालमिया, लालजी नक्कीपुरिया, विद्यालय प्रबंधक पीके शाह, खेल सांस्कृतिक प्रभारी संजय टेबड़ीवाल, विद्यालय प्राचार्या श्रीमती अर्चना शर्मा, शिक्षक तथा शिक्षिका और कर्मचारी वर्ग उपस्थित थे.कार्यक्रम का आरंभ ध्वाजारोहण से किया गया.
डीएवी स्कूल : डीएवी स्कूल सिलीगुड़ी में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के साथ ही वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता 2017-18 आयोजित किया गया. इस मौके पर कर्नल (अवकाश प्राप्त) राकेश बाली मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे. उनके अलावा स्कूल प्रबंध समिति के पक्ष से उपस्थित रहे वेदप्रकाश गोयल, भगवान दास गोयल, सुभाष चन्द्र नकीपुरिया, सुभाष चन्द्र आर्य, कमलनाथ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज का उत्तोलन किया जिसके बाद राष्ट्रगान की प्रस्तुति की गई. कार्यक्रम की शुरूआत स्कूल के चार हाउस (स्वामी श्रद्धानंद, महात्मा हंसराज, गुरु बिरजानंद और दयानंद सरस्वती) के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया.
हार्डवेयर मर्चेंट एसोसिएशन : गणतंत्र दिवस पर सिलीगुड़ी हार्डवेयर मर्चेंट एसोसिएशन की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया. शहर के सेवक रोड पर तराई ब्लड बैंक की सहायता से शिविर का आयोजन किया गया था. काफी संख्या में एसोसिएशन के सदस्यों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया. इस शिविर से कुल 106 यूनिट रक्त संग्रह किया गया है. इस अवसर पर हार्डवेयर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरालाल अग्रवाल, सचिव रोहित अग्रवाल, सत्यनाराण अग्रवाल व सुरेश गुप्ता सहित अन्य सदस्य भी मौजूद थे.
लायंस मेट्रो : लायंस क्लब ऑफ सिलीगुड़ी मेट्रो के सदस्यों ने शुक्रवार को विधाननगर स्थित भीमभार दृष्टिहीन विद्यालय के बच्चों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया. यह जानकारी देते हुए क्लब के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर झंडोत्तोलन और राष्ट्रगान के बाद स्कूली बच्चों में जूते-मोजे, मिठाइयां, बिस्किट और टॉफी वितरण के साथ नाश्ता भी कराया. इस मौके पर दृष्टिहीन बच्चों में भी देशभक्ति का जज्बा और उत्साह देखने को मिला. क्लब के सचिव अजय ग्रोवर ने बताया कि कार्यक्रम संयोजक संदीप मित्रुका और बासुदेव गोयल ने उत्कृष्ट तरीके से कार्यक्रम को संपादित किया. इस मौके पर क्लब के काफी सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे. कैलाश अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया.
सीमा सुरक्षा बल : सीमा सुरक्षा बल सीमांत मुख्यालय उत्तर बंगाल कदमतला में 69वें गण्तंत्र दिवस के उपलक्ष्य में डा. राजेश मिश्रा, महानिरीक्षक, उत्तर बंगाल फ्रंटियर ने ध्वजारोहण किया.ध्वजारोहण समारोह में फ्रंटियर मुख्यालय सीसुबल उत्तर बंगाल, 51वीं वाहिनी सीसुबल में तैनात अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं अन्य कार्मिक उपस्थित थे. अपने संबोधन में उन्होंने उत्तर बंगाल फ्रंटियर के समस्त कार्मिक तथा उनके परिजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और उन वीर जवानों को याद किया, जिन्होंने इस देश को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहूति दी.उन्होंने जवानों को स्वाधीनता की महत्ता को समझने एवं इसे बरकरार रखने के लिए तत्पर रहने को कहा. तदोपरांत उत्तर बंगाल सीमांत मुख्यालय द्वारा सीसुबल सीनियर सेकेण्डरी स्कूल परिसर कदमतला में भी ध्वजारोहण किया गया और सभी अध्यापकों एवं विद्यार्थियों में मिठाइयां बांटी गयी.
एसएसबी : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की तरफ से भी गणतंत्र दिवस मनाया गया. एसएसबी की डांगूजोत कंपनी के मातहत भातगांव बीओपी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे नेपाल एपीएफ के डीएसपी प्रेम परसाई के अलावा एपीएफ इंस्पेक्टर चुनराज थापा भद्रपुर, प्रहरी इंस्पेक्टर प्रकाश जवेगू लिम्बू, एएसआइ रामशरण मंडल, मनीष ढूंगेल, मनोज विश्वकर्मा और हरेराम राजवंशी. भातगांव कैम्प में 19वीं बटालियन के कमांडेंट ने तिरंगा फहराया. वहीं नेपाल से आये हुए अतिथियों में एसएसबी के कमांडेंट ए थान्मी ने मिठाइयों और फलों का वितरण किया. अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डीएसपी प्रेम परसाई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भारतीय गणतंत्र दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होकर बहुत अच्छा लगा. कार्यक्रम में एसएसबी के इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, एसआइ अशोक वर्मा, एएसआइ ललित मोहन, दयानंद कुशवाहा, रवीन्द्र रावत, जीतेन्द्र कुमार, केएल योगी के अलावा अन्य जवानों की मौजूदगी रही.
मॉर्निंग ग्लोरी स्कूल : शहर के सेवक रोड स्थित मॉर्निंग ग्लोरी स्कूल में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस मनाया गया. इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. इसके अलावा स्कूल की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई. प्रतियोगिता में सैक रेस, कैंडीज ऐंड चॉकलेट रेस के अलावा हेल्प योर मदर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अभिभावकों में भी अपने बच्चों के नृत्य आयोजन को लेकर उत्साह देखा गया. उल्लेखनीय है कि यह स्कूल छोटे-छोटे बच्चों को पिछले 23 साल से शिक्षा देने का काम कर रहा है.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद : संगठन के सिलीगुड़ी नगर इकाई द्वारा गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर एक रक्तदान शिविर का आयोजन स्थानीय सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल प्रांगण में किया गया.कार्यक्रम का उद्घाटन समाज सेवी सीताराम डालमिया और अधिवक्ता नरेश टिबड़ेवाल ने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद जी के तैल चित्र पर फूल माला और दीप प्रज्वलन करके किया. अथितियों ने युवाओ को अच्छी पढ़ाई के साथ साथ अच्छा नागरिक बनने की सलाह दिया और राष्ट्र के प्रति काम करने का आग्रह किया. नगर सचिव विवेक शर्मा, नगर उपसभापति बबलू पोद्दार और कार्यक्रम संयोजक प्रज्वल छेत्री ने भी युवाओ से समाज और राष्ट्र के लिए उनकी भूमिका पर चर्चा की. इसके बाद छात्रों ने बढ़-चढ़ कर इस रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया.कार्यक्रम में मुख्य रूप से त्रिदीप साह, दीपांकर चक्रवर्ती, सिलीगुड़ी विभाग संयोजक चंदन राउत, बिनय साह, बिक्रम साह, नंदिनी ठाकुर, अमरजीत साह तारकेश्वर भगत, सुरजित सरकार ,विभाग संगठन मंत्री अनूप भदानी आदि उपस्थित थे.
लायंस क्लब ऑफ सिलीगुड़ी उड़ान : गणतंत्र दिवस शुक्रवार को लायंस क्लब ऑफ सिलीगुड़ी उड़ान की ओर से ज्योतिनगर स्थित नवबसंत ओल्डएज होम में झंडा फहराया गया व वृक्षारोपण किया गया. साथ ही संस्था की ओर से होम परिसर में एक भोज का भी आयोजन किया गया था. जिसमें होम के आवासिको ने हिस्सा लिया. यह जानकारी संगइन के उपाध्यक्ष अशोक मुंदड़ा ने दी है.
पंजाबीपाड़ा मारवाड़ी सेवा समिति : गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार पंजाबीपाड़ा मारवाड़ी सेवा समिति कि ओर से संस्था के कार्यालय में झंडोतोलन किया गया व लोगों के बीच मिठाईयां बांटी गई. इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किये. इस मौके पर सचिव सुनील सिंघल, कोषाध्यक्ष पंकज अग्रवाल के साथ रश्मि अग्रवाल, अंजु चौधरी, निशा अग्रवाल, नेहा अग्रवाल व अन्य उपस्थित थी.
मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा द्विदिवसीय गणतंत्र दिवस पालन किया।
मानव उत्थान सेवा समिति : मानव उत्थान सेवा समिति मिरिक तहसिल के तत्वावधान में मगरजुंग चाय बागान के कर्णबीर में द्विदिवसीय शीतकालिन आध्यात्मिक युवा जागरण शिविर के साथ गणतंत्र दिवस व श्री विभूजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया गया. इस मौके पर मानव उत्थान सेवा समिति पूर्वोत्तर के उपाध्यक्ष प्रकाश हांगखिम, महात्मा देविका बाईजी,ए वी गुरुंग, नविन राई, रोशनी राई, माधव बुढ़ाथोकी आदि उपस्थित थे.
सिलीगुड़ी कॉलेज में एसडीओ ने फहराया तिरंगा
सिलीगुड़ी कॉलेज व कॉमर्स कॉलेज के मैदान में हर साल की तरह इस बार भी प्रशासन की ओर से पूरा तामझाम के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया. यहां तिरंगा सिलीगुड़ी के महकमा शासक (एसडीओ) सिराज दानेश्वर ने फहराया. साथ ही आर्म्ड पुलिस बैंड, एनसीसी व स्काउट-गाइड के जवानों ने पैरेड व मार्च पास्ट कर जोरदार सलामी दी. इस मौके पर एनसीसी के जवानों ने सीमा की सुरक्षा के लिए युद्ध जैसे माहौल का मॉकड्रिल कर भारतीय फौज आर्मी, बीएसएफ, एसएसबी, एयरफोर्स, नेवी के जवानों की जांबाजी को सबों को दिखाया. इस मौके पर कॉलेज व कई स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य व मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत dh. इसके अलावा एसडीओ ने सिलीगुड़ी महकमा दफ्तर (विवेकानंद भवन) के सामने व सिलीगुड़ी कोर्ट, सिलीगुड़ी नगर निगम में मेयर अशोक भट्टाचार्य, सिलीगुड़ी महकमा परिषद में सभाधिपति तापस सरकार, सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के हेडक्वार्टर में पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार चौधरी ने झंडोत्तोलन किया.
जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में झंडा खुल कर गिरा
जलपाईगुड़ी. शुक्रवार को गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज खुलकर नीचे गिर गया. यह घटना जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में घटी. झंडा खुलकर सीधे अस्पताल अधीक्षक के सिर पर गिरा. यह दृश्य देख कुछ देर के लिए सभी स्तब्ध रह गये. अस्पताल अधीक्षक डॉ गयाराम नस्कर ने झंडा फहराने के लिए जैसे ही डोर को खींचा, झंडा निकल कर उनके सिर पर आ गिरा. बाद में झंडे का बांस भी नीचे गिर गया. संयोग से वहां से बच्चों और अन्य लोगों को हटा दिया गया था, इसलिए किसी को चोट नहीं आयी. आखिरकार बांस में दोबारा राष्ट्रीय ध्वज बांधकर उसे फहराया गया.
गणतंत्र दिवस नहीं मनाये जाने पर जड़ा ताला
रायगंज. उत्तर दिनाजपुर जिले के एक शिशु शिक्षा केंद्र में गणतंत्र दिवस के अलावा सरस्वती पूजा और नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती नहीं मनाने से नाराज ग्रामीणों ने केंद्र में ताला जड़ दिया. यह घटना जिले के रायगंज ब्लॉ‍क अंतर्गत खलसी शिशु शिक्षा केंद्र में घटी है. हालांकि प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने ताला खोल दिया. शनिवार को ग्रामीणों ने केंद्र के मनमाना रवैये के खिलाफ ताला लगाकर विरोध जताया. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि 60 विद्यार्थियों और चार शिक्षक शिक्षिकाओं वाले इस विद्यालय में बच्चों को नियमित रुप से मध्याह्न भोजन नहीं दिया जाता है. आरोप यह भी है कि यहां के शिक्षक शिक्षिकाएं नियमित रुप से केंद्र में आते भी नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरस्वती पूजा के अलावा नेताजी जयंती और गणतंत्र दिवस पर भी केंद्र में किसी तरह का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया. इसी के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने केंद्र में ताला जड़ दिया. हालांकि बाद में प्रशासनिक आश्वासन मिलने के बाद ताला खोल दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >