मेटेली पंचायत सम्मेलन में तृणमूल युवा नेता की हुंकार
पंचायत चुनाव में विरोधियों के सफाये का दावा
मेटेली : भाजपा की मदद से विमल गुरुंग कितनी ही कोशिश क्यों न करें, वह पहाड़ को बंगाल से अलग नहीं कर सकते. राज्य सरकार किसी भी सूरत में बंगाल को बंटने नहीं देगी. शनिवार को आयोजित मेटेली ब्लॉक पंचायत राज सम्मेलन को संबोधित करते हुए उक्त मंतव्य जलपाईगुड़ी जिला तृणमूल युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सैकत चटर्जी ने किया. उन्होंने केंद्र में मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने काला धन निकलवाने के लिये नोटबंदी कर आम लोगों को परेशानी में डाल दिया है. नोटबंदी को एक साल पूरा हो गया है. लेकिन अभी तक काला धन का एक रुपया भी सामने नहीं आया है. उन्होंने जीएसटी को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की. उल्लेखनीय है कि शनिवार को चालसा स्थित डब्लूबीटीजीई के मैदान में जलपाईगुड़ी जिला युवा तृणमूल कांग्रेस के निर्देश और ब्लॉक इकाई की पहल पर सम्मेलन का आयोजन किया गया.
सैकत चटर्जी ने कहा कि आसन्न पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद में माकपा, कांग्रेस और भाजपा का सफाया कर तृणमूल को विजयी बनाना है. बाद में मीडिया से मुखातिब सैकत ने कहा कि पंचायत चुनाव में विरोधी दल शून्य हो जायेंगे. ब्लॉक के चाय श्रमिक राज्य सरकार के काम काज से खुश हैं. चायपट्टी में भाजपा ने कोई छाप नहीं छोड़ सकी है. सम्मेलन को सैकत चटर्जी के अलावा श्रमिक नेता नकुल सोनार, आशीष कुंडू, जिला अल्पसंख्यक सेल के कार्यकारी सभापति रेजाउल बाकी, महिला नेत्री स्नोमिता कालिंदी ने भी संबोधित किये.
वहीं, ब्लॉक तृणमूल युवक कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक भुजेल ने बताया कि तृणमूल युवक कांग्रेस के अलावा मदर डेयरी, श्रमिक संगठन, शिक्षक, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, वैन रिक्शा, टोटो चालकों के संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे. उन्होंने बताया कि ब्लॉक के विभिन्न पंचायत इलाकों से आये हजारों युवक युवती सम्मेलन में शामिल हुए.
