अस्पताल अधीक्षक ने झाड़ा पल्ला, घटना से ही किया इनकार
सिलीगुड़ी : दिनदहाड़े सबकी आंखों के सामने बच्चा चोरी की घटना से शहर में खलबली मच गयी. मंगलवार दोपहर सनसनीखेज यह घटना सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में घटी है. 12 दिन में एक मां की कोख से बच्चा गायब हो गया और अस्पताल अधीक्षक इस मामले को तवज्जो नहीं दे रहे हैं. इस तरह की घटना घटने से ही उन्होंने साफ इंकार किया है. पीड़ित माता-पिता ने सिलीगुड़ी थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी है. सिलीगुड़ी पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर प्राथमिकता के साथ बच्चे को खोजने में जुट गयी है.
मिली जानकारी के अनुसार, आज से 12 दिन पहले शहर के झंकार मोड़ निवासी सोमा सरकार ने सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था. सोमा को सिजेरियन के जरिये बच्चा पैदा हुआ. उनकी यह पहली संतान है. पांच दिन बाद सोमा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. दस दिन के बाद सीजर का घाव पकने लगा. उसी वजह से सोमा मंगलवार को डॉक्टर को दिखाने के लिए अस्पताल पहुंची थी. अपने बच्चे को गोद में लेकर ननद के साथ वह अस्पताल पहुंची और ओपीडी का टिकट लेकर कतार में खड़ी हो गयी. डॉक्टर के कमरे में जाने से पहले उसने बच्चे को अपनी ननद सरस्वती को दिया.
दिनदहाड़े सिलीगुड़ी…
डॉक्टर से सलाह लेकर जब वह बाहर आयी तो सरस्वती के पास बच्चा नहीं था. सरस्वती भी बच्चे को ढूंढ़ रही थी. इसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया. सोमा ने तुरंत फोन कर अपने पति को घटना की जानकारी दी. साथ ही सिलीगुड़ी थाने की पुलिस को भी घटना से अवगत कराया. सोमा की ननद सरस्वती सरकार ने बताया कि जब उसकी भाभी डॉक्टर के पास कमरे में गयी थी. उसी समय इलाके की एक महिला आयी और बच्चे को पुचकारने लगी.
फिर बच्चे को गोद में उठा लिया. बच्चे के साथ खेलते-खेलते वह महिला दबे पांव अस्पताल परिसर से निकलने लगी. उस समय जब सरस्वती ने उसे रोका तो बच्चे के लिए नया कपड़ा खरीदने की बात कहकर निकल गयी. उसने सरस्वती से कहा कि वह जल्द ही वापस लौट आयेगी. लेकिन करीब आधा घंटा बाद भी नहीं लौटने पर सोमा और सरस्वती घबराने लगी. बच्चा चोरी होने की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर का माहौल गरम हो गया. मौके पर पहुंची सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू की.
सिलीगुड़ी जिला अस्पताल के रोगी कल्याण समिति के चेयरमैन डॉ रूद्रनाथ भट्टाचार्य ने बताया कि उनके संज्ञान में मिली जानकारी के मुताबिक प्रसूति महिला की ननद ने ही किसी पहचान वाली महिला के हाथ में बच्चे को दिया था. बाद में वह महिला बच्चे को लेकर फरार हो गयी है. पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है. अस्पताल प्रबंधन पूरी तरह से बच्चे को ढूढ़ने में सहायता करेगी.
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इधर, अस्पताल परिसर से दिनदहाड़े सबकी आंखों के सामने से एक महिला बच्चा लेकर भाग गयी और अस्पताल अधीक्षक इस घटना को कोई महत्व देना नहीं चाहते. इस घटना ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा किया है. सिलीगुड़ी जिला अस्पताल अधीक्षक डा. अमिताभ मंडल ने साफ कहा कि इस तरह की घटना नहीं घटी है. ऐसी किसी घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत उनके पास नहीं पहुंची है. मामले की जांच के लिए अस्पताल परिसर में उपस्थित पुलिस को भी उन्होंने झुठला दिया.
