बेलगाम टोटो पर लगाम लगायेगा प्रशासन

आज से मिलेगा टीआइएन आवेदन फॉर्म चालकों को लाइसेंस देने का भी निर्णय सर्वेक्षण के बाद अवैध टोटो व कंपनी के खिलाफ चलेगा अभियान एक महीने बाद टोटो की संख्या स्वत: कम होने का डीएम ने किया दावा सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी की सड़कों पर बेलगाम होकर दौड़ रहे टोटो (इ-रिक्शा) पर लगाम लगाने की दार्जिलिंग […]

आज से मिलेगा टीआइएन आवेदन फॉर्म

चालकों को लाइसेंस देने का भी निर्णय
सर्वेक्षण के बाद अवैध टोटो व कंपनी के खिलाफ चलेगा अभियान
एक महीने बाद टोटो की संख्या स्वत: कम होने का डीएम ने किया दावा
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी की सड़कों पर बेलगाम होकर दौड़ रहे टोटो (इ-रिक्शा) पर लगाम लगाने की दार्जिलिंग जिला प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है. करीब एक महीने के बाद शहर में टोटो की संख्या स्वत: कम होने का दावा डीएम जयशी दासगुप्ता ने किया है. टोटो को टेम्प्रोरी आइडेन्टीफिकेशन नंबर (टीआइएन) देने के लिए बुधवार से कैंप लगाया जा रहा है. जनवरी के अंत तक निरीक्षण के बाद टोटो टीआइएन व चालक को लाइसेंस प्रदान किया जायेगा.
सिलीगुड़ी शहर पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार माना जाता है. इस शहर का विकास भी काफी तेजी से हुआ. वर्तमान पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बाद राज्य में सिलीगुड़ी का दूसरा स्थान है. कुछ वर्ष पहले साइकिल रिक्शा की संख्या इतनी बढ़ गयी थी कि सिलीगुड़ी को रिक्शे का शहर कहा जाने लगा. वर्तमान में रिक्शे का स्थान टोटो ने ले लिया है. दिन-प्रतिदिन सड़को पर बढ़ते वाहनों की संख्या, फुटपाथ पर व्यवसायियों के अवैध कब्जे की वजह से सिलीगुड़ी शहर जाम के शिकंजे में है. इसके अलावा जाम की समस्या को बेलगाम टोटो की संख्या ने भी काफी बढ़ा दिया है.
वर्तमान में शहर के प्रत्येक ट्रैफिक प्वाइंट पर टोटो स्टैंड बन गया है. सड़क के दोनों किनारे जहां-तहां टोटो आप देख सकते हैं. प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद भी राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्यमार्ग पर टोटो का दौड़ना जारी है. एक अनुमान के तहत शहर में 8 हजार से अधिक टोटो दौड़ रहे हैं. बेलगाम टोटो ने प्रशासन के भी नाक में दम कर दिया है. मोटर वाहन एक्ट के अंतर्गत शामिल न होने की वजह से ट्रैफिक व मोटर वाहन विभाग इनके खिलाफ कोई सख्त कदम उठाने में सक्षम नहीं है. लेकिन अब बेलगाम टोटो की संख्या नियंत्रित करने की कवायद शुरू कर दी गयी है. यहां उल्लेखनीय है कि राज्य के कई हिस्सों में टोटो को टीआइएन नंबर प्रदान किया गया है. सिलीगुड़ी में टोटो को टीआइएन नंबर प्रदान करने के लिए टोटो चालकों ने जोरदार आंदोलन शुरू किया.
मंगलवार को सिलीगुड़ी महकमा कार्यालय में जिला शासक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक की. बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला शासक जयशी दासगुप्ता ने कहा कि सिलीगुड़ी की सड़को पर दौड़ रहे टोटो का सर्वेक्षण किया जायेगा. टीआइएन नंबर प्रदान करने से पहले वैध टोटो को चिन्हित किया जाना आवश्यक है.
उन्होंने बताया कि टीआइएन नंबर के लिए टोटो मालिकों को एक आवेदन फॉर्म भरकर महकमा शासक के कार्यालय में जमा कराना होगा. राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त टोटो निर्माणकारी कंपनी के कागजात देखकर ही आवेदन पत्र दिया जायेगा. टीआइएन देने के बाद टोटो चालकों के लाइसेंस की भी व्यवस्था की जायेगी.
शहर की सड़को पर दौड़ रहे सभी टोटो का सर्वेक्षण कराये जाने के बाद अवैध टोटो व निर्माणकारी कंपनियों के खिलाफ अभियान चलाया जायेगा.
कहां मिलेगा फॉर्म
आवेदन फॉर्म के वितरण की व्यवस्था सिलीगुड़ी के चार स्थानों पर की गयी है. हिलकार्ट रोड स्थित विवेकानंद भवन के सिलीगुड़ी महकमा शासक कार्यालय, सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) कार्यालय, कॉलेज पाड़ा स्थित सिलीगुड़ी नगर निगम कार्यालय तथा भक्तिनगर ट्रैफिक गार्ड ऑफिस से फॉर्म वितरण किया जायेगा. 10 से 30 जनवरी के भीतर फॉर्म लेकर सभी आवश्यक कागजातों के साथ उसे भरकर जमा भी करना होगा. सभी फॉर्म की जांच की जायेगी, उसके बाद टीआइएन नंबर दिया जायेगा. 18 दिसंबर 2017 से पहले मान्यता प्राप्त कंपनी द्वारा खरीदे गये टोटो को ही टीआइएन नंबर का आवेदन फॉर्म दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >