पिस्तौल और कई धारदार हथियार बरामद
छह में से पांच डकैत मालदा के चांचल के
मालदा जिले में कर चुके हैं कई डकैतियां
रायगंज : डकैती के मकसद से जमा हुए छह डकैतों को रायगंज थाना पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया. गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने यह गिरफ्तारी रायगंज शहर से लगे ग्वालपाड़ा इलाके में की. गिरफ्तार अपराधियों को पुलिस ने शुक्रवार को रायगंज जिला अदालत में पेश किया.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुवार रात को पुलिस को डकैतों के बारे में खबर मिली. इसके बाद आइसी सुमंत विश्वास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने अभियान चलाकर छह बदमाशों को दबोच लिया. गिरफ्तार बदमाशों में से एक का घर उत्तर दिनाजपुर के इटाहार में है. बाकी पांच मालदा जिले के चांचल के रहनेवाले हैं. आइसी सुमंत विश्वास ने बताया कि डकैतों का यह दल किसी घर पर धावा बोलने वाला था, लेकिन इसके पहले ही इन लोगों के बारे में खबर मिल गई. उनका दावा है कि मालदा जिले के हबीबपुर और हरिश्चन्द्रपुर इलाके में हुई डकैतियों में भी इस गिरोह का हाथ रहा है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदमाशों से बरामद हथियारों में नाइन एमएम की एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, तीन भुजाली, एक कटार, एक शॉवल शामिल हैं. इसके अलावा तीन टॉर्च और छह मोबाइल फोन भी बरामद किये गये हैं. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई बड़ी वारदातों के बारे में जानकारी मिल सकती है.
