शिकायत दर्ज कराये जाने के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं
परेशान जवान ने पुलिस पर उदासीन रहने का लगाया आरोप
जलपाईगुड़ी : एक एसएसबी जवान का एटीएम बदलकर निजी बैंक से छह लाख रुपये हथियाकर भागने वाले को पुलिस सात दिनों बाद भी नहीं पकड़ सकी. पुलिस पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए बुधवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए मालबाजार 10 नंबर बटालियन के पीड़ित एसएसबी जवान मनोज तमांग ने रोष व्यक्त किया है. माल थाना की पुलिस ने बताया कि समस्या के सामाधान की ओर हम बढ़ रहे हैं. ज्ञातव्य है कि मनोज तमांग 20 दिसंबर को सिक्किम से लौटकर माल शहर में एक निजी एटीएम काउंटर में रुपये लेने गया था. उस समय एक व्यक्ति रुपये निकालने में सहयोग करने आया एवं जाते समय अपना एटीएम उसे देकर उसका एटीएम लेकर चला गया. एक ही तरह का एटीएम कार्ड देखकर पहले वह समझ नहीं सका.
लेकिन बाद में 24 दिसंबर को जब वह जवान बैंक जाकर पासबुक अपडेट कराने गया तो पता चला कि उसके खाते से छह लाख रुपये उड़ा लिये गए हैं. एटीएम चेक करने के क्रम में पता चला कि एटीएम भी बदल गया है. इसके बाद ही एसएसबी जवान ने 26 दिसंबर को माल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. उस समय पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हुयी. मनोज तमांग ने बताया कि एटीएम को बदलकर किसी ने उनके एकांउट से छह लाख रुपये निकाल लिये. इस व्यक्ति की तस्वीर मिलने के बावजूद पुलिस उसे अबतक नहीं पकड़ सकी है. माल थाने के ओसी सनातन सिंह ने बताया कि इस घटना से जुड़े सिलीगुड़ी के कई लोगों के नाम मिले हैं. उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान कर लिया जायेगा.
पेयजल संकट : पाइप लाइन स्थानांतरित करने का काम शुरू
