घंटों इंतजार के बाद कार्यकर्ताओं ने किसी तरह स्थिति संभाली
सिलीगुड़ी : मुकुल राय ने सिलीगुड़ी के निकट फूलबाड़ी-1 नंबर ग्राम पंचायत के भाजपा समर्थकों को निराश कर दिया. यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने का वादा कर वे बिना किसी जानकारी के कोलकाता लौट गये. उनके अचानक कोलकाता लौटने की बात से निराश कार्यकर्ताओं ने किसी तरह कार्यक्रम को संभाला. घंटों इंतजार करने के बाद भी जनसभा में उपस्थित समर्थक मुकुल राय को दो-बोल तक नहीं सुन पाये.
पंचायत चुनाव को लक्ष्य बनाकर भाजपा पूरे राज्य में जन जागरण यात्रा चला रही है. इस जन जागरण यात्रा के तहत मुकुल राय व प्रदेश भाजपा के अन्य दिग्गज उत्तर बंगाल के दौरे पर आये. बीते गुरुवार को सिलीगुड़ी के बाघाजतीन पार्क में एक जनसभा को मुकुल राय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राज्य सभा सांसद रूपा गांगुली, प्रदेश भाजपा सचिव जय बनर्जी,
उत्तर बंगाल के सयोजक रथींद्र बोस सहित कई भाजपा के नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया. उसके बाद मुकुल राय डुआर्स चले गये. उनकी अनुमति के अनुसार शनिवार की शाम सिलीगुड़ी से सटे फूलबाड़ी-1 नंबर ग्राम पंचायत के अधीन अंबिकानगर जन जागरण यात्रा के तहत एक सभा आयोजित की गयी. उक्त सभा में इलाके के भारी तादात में तृणमूल नेता व समर्थकों के भाजपा में शामिल होने की बात थी. शाम के तीन बजे से स्थानीय भाजपा नेता व शामिल होने वाले समर्थक मुकुल राय की राह ताक रह थे. ढोल-नगाड़े के साथ मुकुल राय के स्वागत की पूरी तैयारी भी की गयी थी. लेकिन साढ़े पांच बजे मंच से उद्घोष किया गया कि आवश्यक बैठक में शामिल होने के लिए मुकुल राय शाम की अंतिम उड़ान से कोलकाता लौट गये. इस उद्घोष के साथ ही समर्थक निराश हो गये. और भीड़ टूटने लगा. इसके बाद भी स्थानीय भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम को संभाला और करीब सैकड़ो की संख्या में तृणमूल के समर्थकों को भाजपा में शामिल कराया.
आज राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव के विधानसभा क्षेत्र डाबग्राम फूलबाड़ी के 19 नंबर डाबग्राम फूलबाड़ी ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष रमेंद्र नाथ राय व ब्लॉक युवा अध्यक्ष सागर महंत ने भाजपा का दामन थाम लिया. उनका हाथ पकड़कर इलाके के सैंकड़ो की संख्या में तृणमूल समर्थक भाजपा में शामिल हो गये. रमेंद्रनाथ राय व सागर महंत ने बताया कि वर्ष 2011 में माकपा के विकल्प में जिस तृणमूल को सत्ता सौंपा गया था, आज वह तृणमूल जमीन माफियाओं व घोटाले बाजों से भर गया है. डाबग्राम-फूलबाड़ी में नदीं किनारे से लेकर कब्रगाह तक जमीन माफियों के कब्जे में है. तृणमूल पार्टी में गणतंत्र का कोई स्थान नहीं है. वहीं दूसरी भाजपा में राज्य में दूसरी बड़ी शक्ति के रूप में उभर कर सामने आयी है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों खासकर ग्रामीण इलाकों के विकास से वे सभी काफी प्रभावित हुए हैं.
