जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी का कोरक होम एक बार फिर विवाद के घेरे में आ गया. आरोप है कि होम अधीक्षक व दो अधिकारियों ने होम से एक किशोर के भाग जाने को लेकर होम के ही तीन किशोर की पिटाई कर दी. बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे 13 वर्ष का एक किशोर होम की चारदीवारी को फांदकर भाग गया. आरोप है कि होम अधीक्षक देवव्रत देवनाथ ने इस घटना को दबाने की कोशिश की. आरोप है कि जिलाधिकारी को भी इस संबंध में अवगत नहीं कराया गया. घटना के दूसरे दिन गुरुवार को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.
इधर, नाबालिग के होम से फरार होने को लेकर अन्य तीन किशोर की होम अधीक्षक देवव्रत नाथ, अधिकारी शेखर व रिनि मित्र ने पिटाई कर दी. इनका आरोप है कि इन तीनों ने ही उसे भागने में मदद की थी. इन तीन किशोरों ने उनकी फिर पिटाई होने की आशंका जताई है. इधर, होम के कर्मचारियों ने ही किशोरों की पिटाई की घटना को स्वीकार कर लिया है.
इनका कहना है कि वे पिटाई करने से रोकने की कोशिश की लेकिन होम अधीक्षक ने बात नहीं सूनी. कर्मचारियों ने होम अधीक्षक के विरुद्ध शिकायत की है. आरोप है कि सूचना मिलने पर मीडिया के लोग जब वहां पहुंचे तो उन्हें होम में प्रवेश करने को लेकर चेतावनी दी गई. इस घटना को लेकर जिलाधिकारी रचना भगत ने बताया कि इस बीच होम अधीक्षक को शो-कॉज किया गया है. सभी शिकायतों की जांच की जा रही है.
