सिर्फ पक्षियों को देखने की मिलेगी अनुमति
निगरानी के लिए विशेष कमेटी का गठन
दो महीने तक नाव चलाना भी प्रतिबंधित
सिलीगुड़ी : प्रशासन की ओर से सिलीगुड़ी के निकट फूलबाड़ी में पिकनिक करने पर पाबंदी लगा दी गयी है. पशुप्रेमी स्वयंसेवी संगठन अप्टोपिक की पहल पर प्रशासन ने यह फैसला लिया है. फूलबाड़ी महानंदा बैरेज संलग्न इलाके में सिर्फ पक्षियों को देखने की अनुमति दी जा सकती है. सर्दी का मौसम आते ही गाजलडोबा एवं फूलबाड़ी बैरेज में प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो जाता है. इन पक्षियों को किसी भी तरह से परेशान न किया जाये,इसके लिए प्रशासनिक तौर पर पर्यवेक्षक टीम बनायी गयी. पशु प्रेमी संगठन अप्टोपिक की पहल पर शनिवार को महानंदा बैरेज के पास प्रशासनिक बैठक के बाद यह फैसला लिया गया.
इस बैठक में अप्टोपिक के सदस्य, सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी इस्ट अचिंत गुप्त, वन विभाग के एडीएफओ जयंत मंडल, फांसीदेवा के बीडीओ प्रणय मजुमदार सहित अन्य कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे. पक्षियों के संरक्षण, मछुआरों की गतिविधियों सहित पक्षियों के शिकारियों को लेकर भी चर्चा की गयी. एडीएफओ जयंत मंडल ने बताया कि पक्षियों के संरक्षण को लेकर वन विभाग हमेशा तत्पर है. यहां पिकनिक के दौरान तेज आवाज में गाना बजाने एवं गंदगी फैलाने जैसी समस्या रहती है. इसपर पाबंदी होनी चाहिए.
एसीपी इस्ट अचिंत गुप्ता ने बताया कि इसके लिए पर्याप्त प्रचार की जरुरत है. साथ ही पक्षियों को परेशान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. इसके साथ ही मछुआरों पर आगामी दो महीनों के लिए नाव चलाने पर पाबंदी लगायी जायेगी. इस संबन्ध में स्वयंसेवी संगठन के कन्वेनर दीपज्योति चक्रवर्ती ने बताया कि तेज आवाज में गाना बजाकर पिकनिक लोग करते हैं.
संगठन की ओर से इसपर बार बार आपत्ती जताई गई है. बैठक में इस मुद्दे को उठाया गया. इसपर सहमति जताते हुए कमेटी गठित की गयी है. यह कमेटी पिकनिक पार्टियों पर कड़ी निगरानी रखेगी. लोग पक्षियों को परेशान न करें,इस पर विशेष ध्यान रहेगा. साथ ही इलाके में थर्मोकोल और प्लास्टिक सामग्री फेंकने के खिलाफ अभियान चलेगा.
