दार्जिलिंग नगरपालिका के नये बोर्ड के गठन की कवायद तेज

दार्जिलिंग. दार्जिलिंग नगरपालिका का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कौन बनेगा इसको लेकर शहर में चर्चा जोरों पर है. गोजमुमो के विनय गुट के कई नेता इस पद को पाने में जोर लगा रहे हैं. ऐसे में नगरपालिका चेयरपर्सन प्रतिभा राई और वाइस चेयरपर्सन सागर तमांग के चुने जाने की चर्चा है हालांकि इस खबर की अधिकारिक […]

दार्जिलिंग. दार्जिलिंग नगरपालिका का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कौन बनेगा इसको लेकर शहर में चर्चा जोरों पर है. गोजमुमो के विनय गुट के कई नेता इस पद को पाने में जोर लगा रहे हैं. ऐसे में नगरपालिका चेयरपर्सन प्रतिभा राई और वाइस चेयरपर्सन सागर तमांग के चुने जाने की चर्चा है हालांकि इस खबर की अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है.


उल्लेखनीय है कि पिछले अप्रैल में दार्जिलिंग नगरपालिका की 32 सीटों का चुनाव सम्पन्न हुआ था, जिसमें 31 सीटों पर गोजमुमो ने जीत हासिल की थी, जिसके बाद नगरपालिका प्रशासक ने मोर्चा को बोर्ड गठन का न्योता दिया था. इसके तहत 28 मई को निर्वाचित पार्षदों ने दार्जिलिंग नगरपालिका के कान्फ्रेंस हॉल में बैठक बुलायी थी. उस बैठक में दार्जिलिंग नगरपालिका के वार्ड नम्बर 10 से निर्वाचित पार्षद धन कुमार प्रधान को चेयरमैन और वार्ड नम्बर 17 से निर्वाचित रामजंग गोले को वाइस चेयरमैन चुना गया था.

पालिका प्रशासक ने उन दोनों को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद की शपथ दिलाते हुए बोर्ड गठन करने की जिम्मेदारी भी सौंपी थी. हालांकि उसी दौरान पहाड़ में आन्दोलन शुरू होने से 22 सितम्बर को दिल्ली से धन कुमार प्रधान समेत गोजमुमो के तीन नेताओं को राज्य की सीआईडी टीम ने गिरफ्तार किया था. चेयरमैन डीके प्रधान आज भी जेल में बंद हैं. इसी तरह वाइस चेयरमैन रामजंग गोले के भी इस्तीफा देने के कारण आज तक दार्जिलिंग नगरपालिका का बोर्ड गठन नहीं हो सका है.

इस संदर्भ में गोजमुमो के वरिष्ठ केन्द्रीय नेता आलोक कान्तमणि थुलुंग ने बताया कि दार्जिलिंग नगरपालिका के बोर्ड गठन के लिये चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव के लिये पार्टी और निर्वाचित नगरपार्षदों की तरफ से जिलाधिकारी, महकमा शासक और संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र दिया जा चुका है. हमें उम्मीद है कि राज्य सरकार इस सप्ताह के अंदर दार्जिलिंग नगरपालिका के किसी एक पार्षद के नाम से बैठक बुलाने के लिये पत्र भेज सकती है. प्रतिभा राई और सागर तमांग के बारे में थुलुंग ने कहा कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिये नाम का चयन करने का दायित्व दलीय आला कमान का है. प्रतिभा राई वार्ड नम्बर 23 से निर्वाचित हुईं हैं जबकि सागर तमांग वार्ड नम्बर 25 से निर्वाचित पार्षद हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >