मालदा. दहेज में 15 हजार रुपये की मांग को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या की कोशिश की. यह घटना मालदा जिले में गाजोल के पुलिया गांव घटी है. घायल पत्नी मनेका सरकार (20) की चिकित्सा मालदा मेडिकल कॉलेज में चल रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मनेका की शादी दो साल पहले इसी गांव के रहने वाले उत्तम सरकार के साथ हुई थी.
दोनों ने आपस में प्रेम विवाह किया था. उस समय मनेका के परिवार वालों ने दहेज के रूप में 15 हजार रुपये दिये थे. उसके बाद भी उत्तम सरकार बार-बार अपनी पत्नी पर दहेज लाने का दबाव डाल रहा था.
पिछले काफी समय से वह 15 हजार रुपये और घर से लाने के लिए मनेका पर दबाव डाल रहा था. बुधवार की रात को उसने एक बार फिर से पत्नी को मायके से 15 हजार रुपये लाने के लिए कहा. तब दोनों के बीच कहा-सुनी भी हुई थी. मनेका ने दहेज के रूप में 15 हजार रुपये लाने से इंकार कर दिया था. बृहस्पतिवार की सुबह फिर से दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहा-सुनी शुरू हो गई. उसी दौरान पति उत्तम सरकार ने मनेका के सर पर हमला कर उसे जान से मारने की कोशिश की. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भागे-भागे आये. तब तक पति उत्तम सरकार फरार हो चुका था. गांव वालों ने ही मनेका को बचाकर मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं उसकी चिकित्सा चल रही है. चिकित्सकों के अनुसार, उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद से ही आरोपी पति फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
