रायगंज: उत्तर दिनाजपुर जिला सदर रायगंज में निर्मित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल से मरीजों को आगामी जनवरी माह से बेहतर चिकित्सकीय सेवा मिलने लगेगी. इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग अस्पताल के लिए पर्याप्त चिकित्सक, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों की जल्द नियुक्ति करने वाला है.
रविवार को यह जानकारी विधानसभा की स्थायी समिति के चेयरमैन डॉ निर्मल मांझी ने रायगंज स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों का दौरा करने के बाद दी.
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य प्रभार ममता बनर्जी की पहल पर राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर तरीके से मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को नये सिरे से ढालने का काम शुरू कर दिया है. अस्पतालों में नये चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की जायेगी. सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निरीक्षण करने के दौरान डॉ निर्मल मांझी ने मरीजों के परिजनों के साथ बात कर उनकी शिकायतें भी सुनीं. साथ ही उन्होंने अस्पताल की सेवा को लेकर संतोष जताया. बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि अस्पताल की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखकर पर्याप्त चिकित्सक, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की जायेगी. जनवरी से मरीजों को यहां से उन्नत चिकित्सा सेवा मिलने लगेगी.
