मालदा. सिविक वॉलेंटियर पति को बचाने पहुंची उसकी पत्नी की बदमाशों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी. रविवार देर रात यह घटना रतुआ थाना के वाजितपुर कलोनी इलाके में घटी. उसी रात गृहवधू के पिता सुरेन घोष ने थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने घटना में भवेश महालदार नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इस घटना में और सात से आठ लोग जुड़े हैं.
जानकारी मिली है कि सनातन घोष रतुआ थाने में सिविक वॉलेंटियर का काम करते थे. रविवार देर रात चार-पांच हथियारबंद बदमाशों ने सनातन के घर पर हमला बोल दिया. सनातन पर तेज हथियार और बंदूक के बट से वार किया जाने लगा. पति को पिटता देख पत्नी खुशबू घोष ने चिल्लाना शुरू कर दिया और पति को बचाने के लिए आगे आयी. तभी बदमाशों ने खुशबू के पेट में तेज हथियार से वार कर दिया. घटनास्थल पर ही खुशबू की मौत हो गयी. इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले.
सनातन घोष ने पुलिस को बताया है कि ढाई बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर सनातन के साथ कुछ महीनों से पड़ोसी सुकलाल साहा का विवाद चल रहा था. भालुका इलाके में सनातन के परिवार की यह जमीन है. सुकलाल साहा और उसके कुछ साथी उस जमीन को हथियाने की फिराक में लगे थे. सनातन घोष ने जमीन पर दीवार उठाने से उनलोगों को रोक दिया था. सनातन का आरोप है कि इसी का बदला लेने के लिए रविवार रात सुकलाल साहा ने घर पर हमला करवाया व उसकी पत्नी की हत्या करवायी.
चांचल एसडीपीओ सजलकांति विश्वास ने बताया कि गृहवधू की हत्या की घटना में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. बाकी आरोपियों की खोजबीन जारी है. संबंधित थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
