सिलीगुड़ी: पूरे देश में भले ही जीएसटी तथा नोटबंदी को लेकर हो हल्ला मचा हो लेकिन सिलीगुड़ी शहर में धनतेरस के आगे न तो जीएसटी की कुछ चली और न ही नोटबंदी का कोई असर देखने को मिला.
पिछले साल की तरह ही इस साल भी सिलीगुड़ी के विभिन्न ज्वैलरी शोरूम में गहना खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ी. न केवल महिलाएं बल्कि पुरूष भी भारी संख्या में गहना खरीदने के लिए आये हुए थे. नामी गिरामी ब्रांडो के शोरूम में ग्राहकों को लाइन लगाकर अंदर जाते देखा गया. सिलीगुड़ी शहर में ज्वैलरी के तमाम बड़े ब्रांड है. तनिष्क, अंजली ज्वेलर्स, रिलायंस ज्वेल्स, गीतांजली ज्वेल्स, सेनको गोल्ड, आर.आर अग्रवाल ज्वैलर्स, सेनको ज्वेलरी पैलेस, सिलवर क्वीन ज्वेलर्स आदि बड़े ब्रांड तो हैं ही, साथ ही सिलीगुड़ी शहर के विभिन्न बाजारो में स्थानीय ज्वेलरों की दुकानें भी काफी संख्या में है. बड़े तथा छोटे सभी शोरूम को आज विशेष तौर पर सजाया गया था. धनतेरस में गहने या बरतन खरीदना शुभ माना जाता है. यही वजह है कि भारी संख्या में लोग गहने और बरतन खरीदने के लिये बाजार में निकलते हैं.
शहर के हिलकार्ट रोड, विधान रोड सहित शुभाष पल्ली, चंपासारी, गुरूंग बस्ती, डाबग्राम, हाकिमपाड़ा, सेवक रोड आदि स्थित विभिन्न गहना दुकानों में लोगों की भारी भीड़ देखी गयी. इसके अलावा बरतनों के दुकान भी ग्राहकों से भरे हुए थे. एक अनुमान के मुताबिक सिलीगुड़ी शहर में धनतेरस के दिन सौ करोड़ रूपए से भी अधिक का कारोबार हुआ है. इस संबंध में गीतांजली ज्वेल्स की फ्रेंचाइजी पेरीवाल जेम्स प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक पूनम पेरीवाल ने कहा कि जीएसटी का जितना हल्ला था धनतेरस के दिन उतना प्रभाव देखने को नहीं मिला. जिस तरह से पिछले साल धनतेरस के दिन गहने बिकते थे उसी तरह इस साल भी भारी खरीददारी हुयी है. गहनों का क्रेज जरा भी कम नहीं हुआ है. अब लोग सिर्फ गोल्ड ज्वेलरी ही नहीं बल्कि डायमंड ज्वेलरी भी खरीदने लगे हैं.
ज्वेलरी की लोकप्रियता सभी उम्र व वर्ग के लोगों के बीच है. इस साल सिर्फ महिलाएं ही नहीं बल्कि पुरूष भी भारी संख्या में ज्वेलरी खरीदने के लिए आ रहे हैं. श्रीमती पेरीवाल ने आगे बताया कि सोने के गहने महिलाएं इनवेस्टमेंट के ख्याल से भी खरीदती है. यही वजह है कि डायमंड ज्वेलरी के साथ ही गोल्ड ज्वेलरी की खरीददारी काफी बढ़ी है. कुछ इसी तरह की बातें सिल्वर क्वीन ज्वेलर्स के कर्णधार चंद्रप्रकाश सिंहल ने कही. उन्होंने भी कहा कि जीएसटी का कोई भी असर गहनों की खरीददारी पर नहीं पड़ा है. यह अलग बात है कि कुछ ग्राहक जीएसटी नहीं भी देना चाह रहे हैं.
