मालदा: साहापुर पंचायत के माधाईपुर में घटी रहस्यमय घटना, नवजात जुड़वां बच्चे लापता

मालदा. कमरे में सो रहे नवजात जुड़वां बच्चों के भोर में अचानक लापता हो जाने से ओल्ड मालदा थाने की साहापुर ग्राम पंचायत के माधाईपुर गांव में सनसनी है. रविवार भोर की इस घटना के बारे में लोगों को पता चलते ही पूरे इलाके में शोर-गुल मच गया. मछुआरा परिवार में इन जुड़वा बच्चों का […]

मालदा. कमरे में सो रहे नवजात जुड़वां बच्चों के भोर में अचानक लापता हो जाने से ओल्ड मालदा थाने की साहापुर ग्राम पंचायत के माधाईपुर गांव में सनसनी है. रविवार भोर की इस घटना के बारे में लोगों को पता चलते ही पूरे इलाके में शोर-गुल मच गया. मछुआरा परिवार में इन जुड़वा बच्चों का जन्म एक महीने पहले हुआ था. सुबह जब उन्होंने देखा तो दोनों बच्चे कमरे में नहीं थे. घटना की खबर पाकर मालदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मधाईपुर गांव निवासी अख्तरूल शेख मछुआरा है. उनकी पत्नी का नाम रूमेला बीबी (32) है. उनके चार और छह साल के दो बेटे पहले से हैं. एक महीने पहले मेडिकल कॉलेज में रूमेला बीबी ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था. पुलिस जांच के दौरान परिवार ने बताया कि घर के एक कमरे में दोनों बड़े बेटे सो रहे थे. बगल के कमरे में अख्तरूल और उनकी पत्नी रूमेला सो रहे थे. उनके पास ही जुड़वा बच्चे भी थे. सुबह पांच बजे जब दंपति की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बच्चे गायब हैं.

रूमेला बीबी ने बताया कि भोर में करीब चार बजे वह कमरे का दरवाजा खोलकर बाथरूम गई थी. इसके बाद उन्होंने दरवाजा नहीं लगाया, क्योंकि पति तड़के ही नदी में मछली पकड़ने जाते हैं. उनके बिस्तर के पास ही एक छोटे बिस्तर पर दोनों नवजात सो रहे थे. पांच बजे जब दोबारा नींद खुली तो देखा कि नवजात शिशु बिस्तर पर नहीं हैं. ऐसा कैसे हो गया, कुछ समझ में नहीं आ रहा है.

आसपड़ोस के लोगों ने पुलिस को बताया कि इस तरह की घटना गांव में पहले कभी नहीं घटी. किसी ने नवजात शिशुओं को चोरी कर लिया या इसके पीछे कोई रहस्य है, यह किसी को समझ में नहीं आ रहा है. एएसपी (ग्रामीण) दीपक सरकार ने बताया कि ओल्ड मालदा थाने के जांच अधिकारी घटना के असल कारण का पता लगाने में जुटे हैं. शिकायतकर्ता दंपती और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >